Friday , July 10 2026

व्यापार और राजनीति संग ओटीटी पर भी छाए केके अवस्थी, ‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही वेब सीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ सीजन-2 लगातार सुर्खियां बटोर रही है। जियो हॉटस्टार पर 19 जून को रिलीज हुई वेब सीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ सीजन-2 अपनी दमदार कहानी और कलाकारों के अभिनय को लेकर दर्शकों के बीच खूब सराही जा रही है। 

प्रेम, बदला, राजनीति और सत्ता के संघर्ष पर आधारित इस सीरीज में व्यापारी नेता एवं भाजपा नेता कृष्णकांत अवस्थी (केके अवस्थी) ने अपनी प्रभावशाली भूमिका से खास पहचान बनाई है। उनके संवाद, स्क्रीन प्रेजेंस और नेता की भूमिका में गंभीरता दर्शकों को आकर्षित कर रही है।

वेब सीरीज के दूसरे सीजन में कहानी पहले की तुलना में अधिक रोमांचक और जटिल हो गई है। इसमें रिश्तों के उतार-चढ़ाव के साथ राजनीतिक षड्यंत्र, सत्ता की लड़ाई और सामाजिक समीकरणों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। दर्शकों को सीरीज की कहानी के साथ कलाकारों के अभिनय की भी सराहना मिल रही है।

कृष्णकांत अवस्थी इससे पहले वेब सीरीज ‘माफिया डायरी’, ‘ठुकरा के मेरा प्यार’, ‘तोड़कर दिल मेरा’, टीवी शो ‘क्राइम अलर्ट’ तथा फिल्म ‘द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल’ सहित कई फिल्मों, धारावाहिकों और वेब सीरीज में अहम किरदार निभा चुके हैं। उनकी आगामी परियोजनाओं में ‘रक्तांचल-3’, ‘गुड्डू पंडित’, ‘चीरकर दिल मेरा’ और फिल्म ‘खड़ंजा’ शामिल हैं। जिनका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

अभिनय के साथ-साथ कृष्णकांत अवस्थी सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वह जनहित उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में व्यापारियों के हितों की आवाज उठाते हैं। साथ ही वह भारतीय जनता पार्टी, लखनऊ के जिला उपाध्यक्ष के दायित्व का भी निर्वहन कर रहे हैं। व्यापारिक संगठन और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ मनोरंजन जगत में उनकी बढ़ती पहचान चर्चा का विषय बनी हुई है।