Tuesday , June 9 2026

यूको बैंक कार्निवल में उद्यमियों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। यूको बैंक अंचल कार्यालय, लखनऊ द्वारा ‘एग्री एमएसएमई रिटेल रिसोर्स कार्निवल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूको बैंक प्रधान कार्यालय के महाप्रबंधक विवेक मिश्रा ने की।

कार्निवल में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक विवेक मिश्रा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य सलाहकार पी.एस. ओझा और कृषि विशेषज्ञ व पद्मश्री अवार्डी भारत भूषण त्यागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लखनऊ अंचल के विभिन्न शाखा प्रबंधकों, बैंक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े व्यवसायियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान आए हुए उद्यमियों ने यूको बैंक के साथ अपने व्यापारिक अनुभवों को साझा किया। उन्होंने अपनी व्यावसायिक समस्याओं और चुनौतियों को भी बैंक प्रबंधन के समक्ष रखा। यूको बैंक के लखनऊ अंचल प्रमुख आशुतोष सिंह ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उद्यमियों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही उनका त्वरित निराकरण (ऑन-स्पॉट सेटलमेंट) कराया। उन्होंने यूको बैंक की विभिन्न जन-उपयोगी उपलब्धियों और वित्तीय सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राज्य सलाहकार पी.एस. ओझा ने भारत सरकार और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) के कन्वर्जेंस और इसके माध्यम से मिलने वाले अन्य वित्तीय लाभों को प्राप्त करने की व्यावहारिक प्रक्रिया से सभी को अवगत कराया।

ब्रिज बिहारी शुक्ल जी ने केंद्र सरकार की ‘पीएम फॉर्मलाइजेशन ऑफ माइक्रो फूड प्रोसेसिंग एंटरप्राइजेज’ (PMFME) योजना के बारे में विस्तृत प्रस्तुति दी और बताया कि कैसे छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग इस योजना का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को बड़ा रूप दे सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में बैंक प्रबंधन द्वारा अपने मूल्यवान ग्राहकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। यूको बैंक ग्राहकों को सशक्त बनाने और देश के कृषि व एमएसएमई (MSME) क्षेत्र को वित्तीय गति प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।