लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फिक्की फ्लो लखनऊ ने पर्यावरण संरक्षण, सर्कुलर इकोनॉमी और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करते हुए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। फ्लो लखनऊ की चेयरपर्सन सिमरन साहनी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम ‘सर्कुलर इकोनॉमी एवं ग्रीनटेक’ वर्टिकल के अंतर्गत संपन्न हुआ। जिसका उद्देश्य पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और हरित भविष्य के निर्माण हेतु सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच जागरूकता, जिम्मेदार उपभोग और सामुदायिक सहभागिता ही स्थायी समाधान का आधार हैं। फिक्की फ्लो लखनऊ लगातार ऐसी पहलों को आगे बढ़ा रहा है जो कचरे में कमी, पुनर्चक्रण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देती हैं।
इस अवसर पर ‘ई-वेस्ट ड्राइव’ का शुभारंभ किया गया। जिसके माध्यम से सदस्यों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित और जिम्मेदार निस्तारण के लिए प्रेरित किया गया। ड्राइव का उद्देश्य ई-कचरे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उसके वैज्ञानिक प्रबंधन को प्रोत्साहित करना है। ताकि पर्यावरण पर इसके दुष्प्रभावों को कम किया जा सके। शची सिंह, राधिका मिश्रा, पूजा और देवाशीष ने ई वेस्ट विषय पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान फ्लो लखनऊ की वर्तमान एवं प्रस्तावित पर्यावरणीय पहलों की विस्तृत प्रस्तुति भी दी गई। इनमें रीसाइक्लिंग, कचरा प्रबंधन, MLP (मल्टी-लेयर प्लास्टिक) कलेक्शन ड्राइव तथा टिकाऊ व्यावसायिक प्रथाओं को बढ़ावा देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं।

इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में फिक्की फ्लो लखनऊ और लखनऊ नगर निगम के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। जिसके माध्यम से शहर में रीसाइक्लिंग और स्थिरता से जुड़े प्रयासों को नई गति मिलेगी। इसके अलावा Trashury, Sparkliv और Green Maverick के साथ भी एक सहयोगात्मक समझौता किया गया। जो पर्यावरणीय जागरूकता और टिकाऊ समाधानों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
फ्लो लखनऊ ने शहर के विभिन्न विद्यालयों में सस्टेनेबिलिटी कार्यशालाओं के आयोजन, निकट भविष्य में एक व्यापक रीसाइक्लिंग कॉन्क्लेव आयोजित करने तथा बड़े पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान चलाने की योजनाओं की भी घोषणा की। संगठन ने अपने सदस्यों से पर्यावरण संरक्षण के सक्रिय दूत बनने और जिम्मेदार जीवनशैली को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सीनियर वाईस चेयरपर्सन देवांशी सेठ ने कहा कि फिक्की फ्लो लखनऊ महिलाओं को केवल नेतृत्व और उद्यमिता के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण की अग्रणी शक्ति के रूप में भी सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि एक स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदारी अत्यंत आवश्यक है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal