Wednesday , June 3 2026

योग, प्राणायाम और संतुलित आहार से मधुमेह नियंत्रण संभव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आमजन में बढ़ती मधुमेह की परेशानी को ध्यान में रखते हुए, लखनऊ विश्वविद्यालय के योग एवं वैकल्पिक चिकित्सा संकाय, योग विभाग द्वारा “योग के माध्यम से मधुमेह प्रबंधन” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता मौजूद राकेश कुमार श्रीवास्तव ने मधुमेह (डायबिटीज) को नियंत्रित करने में योग की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम, संतुलित आहार और सही दिनचर्या अपनाकर मधुमेह को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों और स्वास्थ्य संबंधी सरल उपायों की जानकारी दी तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में योग एवं वैकल्पिक चिकित्सा संकाय के अधिष्ठाता प्रो. आलोक कुमार यादव तथा योग विभाग के समन्वयक डॉ. अमरजीत यादव उपस्थित रहे। संगोष्ठी में विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से योग के महत्व तथा स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया गया।