अहमदाबाद : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का अभियान गुजरात टाइटंस के खिलाफ 89 रन की हार के साथ समाप्त हो गया। हालांकि टीम प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई, लेकिन कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पूरे सीजन में टीम के संघर्ष और युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गर्व जताया।सीएसके ने सीजन की शुरुआत लगातार तीन हार के साथ की थी, लेकिन बाद में टीम ने शानदार वापसी करते हुए प्लेऑफ की उम्मीदों को आखिरी लीग मैच तक जिंदा रखा। टीम ने 14 मुकाबलों में 6 जीत और 8 हार के साथ अपना अभियान समाप्त किया।मैच के बाद गायकवाड़ ने कहा,“सीजन की शुरुआत हमारे लिए काफी मुश्किल रही, खासकर लगातार तीन हार के बाद। लेकिन उसके बाद जब हमें सही संयोजन मिला तो टीम ने अच्छा क्रिकेट खेलना शुरू किया। दुर्भाग्य से फिर चोटों ने हमें परेशान किया। जेमी ओवरटन और रामकृष्ण घोष जैसे ऑलराउंडरों की कमी से टीम संतुलन बिगड़ गया। आखिरी तीन मैचों में हमें कभी बल्लेबाज कम तो कभी गेंदबाज कम के साथ उतरना पड़ा।”उन्होंने कहा कि टीम इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है और युवा खिलाड़ियों को अनुभव देने का काम इस सीजन में सफलतापूर्वक हुआ।“बहुत लोग इस बात को नहीं मानते कि हम एक युवा टीम हैं और ट्रांजिशन फेज में हैं। हमारे 8 से 10 खिलाड़ी ऐसे थे जिन्होंने 20 से भी कम आईपीएल मैच खेले थे। ऐसे में छह जीत हासिल करना और कुछ शानदार मुकाबले जीतना गर्व की बात है।”गायकवाड़ ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दो मुकाबलों को टर्निंग पॉइंट बताया।“हैदराबाद में हम 10 ओवर में 84 रन नहीं बना सके, जबकि हमारे पास सात विकेट बाकी थे। चेन्नई में भी हम उन्हें 180 रन तक रोक सकते थे। कुछ मुकाबलों में हम जीत के बेहद करीब पहुंचे लेकिन सफल नहीं हो पाए।”सीएसके कप्तान ने युवा खिलाड़ियों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस सीजन में कार्तिक शर्मा, उर्विल पटेल और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे खिलाड़ियों ने खुद को साबित किया।“कार्तिक ने काफी प्रभावित किया। उनमें आगे बढ़ने की बड़ी क्षमता है। उर्विल ने पहली बार पूरा सीजन खेला और ऐसे में दबाव होना स्वाभाविक है। लेकिन यह अनुभव भविष्य में उनके बहुत काम आएगा।”पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर गायकवाड़ ने कहा,“अगले साल ही पता चलेगा। आप और मैं दोनों को अगले सीजन में ही जानकारी मिलेगी। इस सीजन में उनकी कमी जरूर महसूस हुई। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो सिर्फ क्रीज पर रहकर ही विपक्षी टीम पर दबाव बना सकते हैं और मैच का रुख बदल सकते हैं।”सीएसके के लिए यह सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि युवा खिलाड़ियों का यह अनुभव भविष्य में फ्रेंचाइजी को मजबूत बनाएगा।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal