Saturday , November 14 2026

बाल निकुंज : 48 साल का सफर, प्रतिभाओं का उत्सव, धूमधाम से मना स्थापना दिवस

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेज की समस्त शाखाओं में शनिवार को विद्यालय का 48वां स्थापना दिवस और बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य और योग की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर गर्ल्स विंग स्थित शिव सहाय जी सभागार में किया गया। विद्यालय की स्थापना श्रद्धेय शिव सहाय जायसवाल ने 14 नवंबर 1979 को की थी। स्थापना दिवस के साथ ही देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस भी मनाया गया। सुबह विद्यालय की सभी शाखाओं में बाल दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बच्चों को फल और चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

वहीं स्थापना दिवस समारोह में केजी-2 के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर आधारित मनमोहक नृत्य और म्यूजिकल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जबकि, कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने योग और अरेविक की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। कार्यक्रम में लगभग 400 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, लखनऊ के जोनल हेड डीके अर्जवानी और बाल निकुंज के एमडी एचएन जायसवाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थियों ने काबिलेतारीफ प्रदर्शन किया है। उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए पूरी लगन एवं मेहनत से प्रयास करने की प्रेरणा दी। साथ ही मर्यादा में रहने, सतर्क रहने और नई-नई तकनीकों का सकारात्मक लाभ उठाने की सीख दी। उन्होंने विश्वास जताया कि परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ बच्चे अपने सपनों को जरूर साकार करेंगे।