नई दिल्ली : भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध चौथे टी-20 में अपने प्रदर्शन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं। मैं हमेशा खुद पर भरोसा रखती हूं कि मैं जोरदार वापसी करूंगी।दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी-20 मैच में दीप्ति ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए जोरदार वापसी की। 28 वर्षीय दीप्ति ने पहले भारतीय टीम की पारी को संभालते हुए नाबाद 36 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और फिर गेंद से भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 19 रन देकर पांच विकेट हासिल किए, जो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनका पहला पांच विकेट लेने का कारनामा था। उनके इस प्रदर्शन से भारत को दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध पांच मैचों की टी-20 सीरीज में पहली जीत मिली।अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार दीप्ति ने प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने के बाद कहा कि इसका पूरा श्रेय मेरी टीम के साथियों को जाता है जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया।दीप्ति शर्मा खराब फॉर्म से जूझ रही थीं। पिछले पांच टी-20 मैचों में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था और बल्ले से भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। हालांकि, भारतीय टीम के मुख्य कोच अमोल मुजुमदार ने अपनी स्टार खिलाड़ी पर वापसी का भरोसा जताया था और दीप्ति ने जोहान्सबर्ग में मैच जिताने वाला शानदार प्रदर्शन करके इस भरोसे को सही साबित कर दिया।दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच के बाद मजूमदार ने दीप्ति शर्मा का समर्थन करते हुए कहा था कि वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, इसमें कोई संदेह नहीं है। हमने विश्व कप में, बड़े टूर्नामेंटों में, दबाव वाली परिस्थितियों में देखा है कि उन्होंने भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। कोच ने कहा था कि मुझे लगता है कि फॉर्म में आने में बस कुछ ही समय बाकी है और मैं और पूरा देश यही उम्मीद कर रहे हैं कि इसकी शुरुआत कल से हो। वह लंबे समय से एक प्रमुख खिलाड़ी रही हैं और उन्होंने मध्य क्रम में उस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है। मेरा मतलब है, वह इस समय भारतीय महिला क्रिकेट के स्तंभों में से एक हैं।सीरीज की शुरुआत में भारत दक्षिण अफ्रीका को चुनौती देने में नाकाम रहा और पहले तीन मैच में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि दीप्ति शर्मा का मानना है कि भारत के लिए इस सीरीज से कई सकारात्मक बातें सीखने को मिली हैं। खासकर आज के मैच ने हमें आगे बढ़ने के लिए काफी आत्मविश्वास दिया है। दीप्ति ने कहा कि जब भी हम खेलते हैं, हम एक टीम के रूप में खेलते हैं, चाहे गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी इकाई। हमें आगे भी इसी विश्वास को बनाए रखना होगा।मैच की बात करें तो चौथे टी-20 मैच में भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में पांच विकेट पर 185 रन बनाए थे। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका महिला टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 171 रन ही बना सकी और 14 रनों से मुकाबला हार गई।दोनों टीमों के बीच सीरीज का पांचवां और अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 27 अप्रैल को बेनोनी (दक्षिण अफ्रीका) में खेला जाएगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal