स्टटगार्ट : स्टटगार्ट ओपन टेनिस टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां रूस की युवा खिलाड़ी मिर्रा एंड्रीवा ने दो बार की चैंपियन इगा स्वियातेक को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। अब उनका सामना शीर्ष वरीय एलेना रयबाकिना से होगा।18 वर्षीय एंड्रीवा ने शानदार वापसी करते हुए स्वियातेक को 3-6, 6-4, 6-3 से हराया। पहले सेट में पिछड़ने के बाद एंड्रीवा ने जबरदस्त खेल दिखाया और निर्णायक सेट में दो बार सर्विस ब्रेक कर मुकाबला अपने नाम किया।इससे पहले, शीर्ष वरीय रयबाकिना ने कनाडा की लेयला फर्नांडीज को कड़े मुकाबले में 6-7 (5/7), 6-4, 7-6 (8/6) से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह मैच करीब तीन घंटे तक चला, जिसमें रयबाकिना ने अंतिम सेट के टाईब्रेक में दो मैच प्वाइंट बचाकर शानदार जीत दर्ज की।मैच के बाद रयबाकिना ने कहा, “शुरुआत में काफी निराशा थी और मेरी सर्विस काम नहीं कर रही थी। लेकिन धीरे-धीरे मैंने खुद को संभाला और लय हासिल की।”स्वियातेक, जिन्होंने अपने छह ग्रैंड स्लैम खिताबों में से चार फ्रेंच ओपन की क्ले कोर्ट पर जीते हैं, इस मुकाबले में फेवरेट मानी जा रही थीं, लेकिन एंड्रीवा के आक्रामक खेल के सामने टिक नहीं सकीं।गौरतलब है कि एंड्रीवा ने पहले दौर में गत चैंपियन जेलेना ओस्टापेंको को भी बाहर किया था, जिससे उनका आत्मविश्वास पहले ही बढ़ चुका था।एंड्रीवा ने मैच के बाद कहा, “मैं खुद से कह रही थी कि चाहे जो भी हो, मुझे लड़ते रहना है और विश्वास बनाए रखना है कि मैं किसी भी स्थिति से मैच जीत सकती हूं।”अब सेमीफाइनल में एंड्रीवा और रयबाकिना के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal