लंदन (यूके) : आर्सेनल के युवा विंगर मैक्स डॉवमैन ने प्रीमियर लीग में इतिहास रचते हुए सबसे कम उम्र में गोल करने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। शनिवार को एवर्टन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में आर्सेनल की 2-0 की जीत के दौरान डॉवमैन ने स्टॉपेज टाइम में गोल कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।16 साल और 73 दिन की उम्र में गोल करने वाले डॉवमैन ने एवर्टन के पूर्व स्ट्राइकर जेम्स वॉन का 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वॉन ने 2005 में क्रिस्टल पैलेस के खिलाफ खेलते हुए 16 साल और 270 दिन की उम्र में गोल किया था। अब डॉवमैन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे कम उम्र में गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।मुकाबले के अंतिम क्षणों में आया यह गोल आर्सेनल की जीत को पक्का करने वाला साबित हुआ। इस जीत के साथ टीम ने लीग तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। युवा खिलाड़ी के इस प्रदर्शन से क्लब के खिलाड़ी, स्टाफ और दर्शक सभी बेहद उत्साहित नजर आए।मैच के बाद आर्सेनल के मैनेजर मिकेल आर्टेटा ने डॉवमैन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह क्लब और खिलाड़ी दोनों के लिए बेहद खास पल है।आर्टेटा ने कहा, “यह एक शानदार क्षण था। सभी खिलाड़ी और दर्शक खुशी से झूम रहे थे। यह एक खूबसूरत दिन है। इतनी कम उम्र में, इतने दबाव और उम्मीदों के बीच इस तरह का प्रदर्शन करना आसान नहीं होता।”जब आर्टेटा से पूछा गया कि मैदान पर भेजने से पहले उन्होंने डॉवमैन से क्या कहा था, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैंने उससे कहा था कि जाओ, अपना खेल खेलो और हमें मैच जिताओ।”डॉवममैन का यह गोल न केवल उनके करियर की शानदार शुरुआत माना जा रहा है, बल्कि आर्सेनल के लिए भी भविष्य की बड़ी उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है। फुटबॉल विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी कम उम्र में इस तरह का आत्मविश्वास और प्रदर्शन उन्हें आने वाले समय में प्रीमियर लीग का बड़ा सितारा बना सकता है।————–
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal