चंडीगढ़ : भारतीय गोल्फ के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल गगनजीत भुल्लर आईजीपीएल 2026 सीजन की शुरुआत चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में होने वाले उद्घाटन टूर्नामेंट से करेंगे। वर्ष 2025 में इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) के पहले संस्करण का खिताब जीतकर भुल्लर ने इस लीग की शानदार शुरुआत की थी और अब वह नए सीजन में भी अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं।आईजीपीएल इनविटेशनल में भुल्लर के नेतृत्व में कई बड़े नाम मैदान में उतरेंगे। एशियन टूर के इतिहास में 11 खिताब जीतने वाले भुल्लर भारत के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं और एशियन टूर की सर्वकालिक सूची में तीसरे स्थान पर हैं। इस टूर्नामेंट में 2025 आईजीपीएल ऑर्डर ऑफ मेरिट के विजेता पुखराज सिंह गिल, एशियन टूर स्टार करनदीप कोच्चर और ऑर्डर ऑफ मेरिट में उपविजेता रहे अमन राज भी हिस्सा लेंगे। वर्ष 2025 में इन खिलाड़ियों के बीच खिताबी दौड़ बेहद करीबी रही थी। पुखराज सिंह गिल ने 81,90,652 रुपये की कमाई के साथ पहला स्थान हासिल किया था, जबकि अमन राज (81,81,708 रुपये) और गगनजीत भुल्लर (81,30,000 रुपये) उनसे मामूली अंतर से पीछे रहे थे।आईजीपीएल 2026 के इस पहले चरण में कुल 58 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें नौ शौकिया खिलाड़ी भी शामिल हैं। मुख्य प्रतियोगिता 11 से 13 मार्च तक खेली जाएगी और इसमें कोई कट नहीं होगा। इसके बाद 14 मार्च को प्रो-एम प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 1.5 करोड़ रुपये रखी गई है।प्रतियोगिता में वरुण पारिख, वरुण चोपड़ा और भारतीय-अमेरिकी गोल्फर मानव शाह भी हिस्सा लेंगे। मानव शाह पीजीए टूर ऑफ लैटिन अमेरिका में खिताब जीत चुके हैं। इसके अलावा ओलंपियन उदयन माने और अनुभवी खिलाड़ी एसएसपी चौरसिया भी मैदान में नजर आएंगे।आईजीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्तम सिंह मुंडी ने नए सीजन की शुरुआत को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि लीग का पहला संस्करण बेहद सफल रहा था और अब दूसरे सीजन के लिए भी योजनाएं तय समय के अनुसार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से नए सीजन की शुरुआत करना खास है, क्योंकि यहीं से पिछले साल इस लीग की यात्रा शुरू हुई थी। चंडीगढ़ भारतीय गोल्फ का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है और यहां से कई बड़े खिलाड़ी सामने आए हैं।युवा खिलाड़ियों में वीर गणपति इस टूर्नामेंट में प्रमुख आकर्षण होंगे। बेंगलुरु के 18 वर्षीय वीर को 2025 में ‘यंग टर्क’ का खिताब मिला था और वह पिछले सीजन की आईजीपीएल रैंकिंग में सातवें स्थान पर रहे थे। इसके अलावा राघव चुघ और अर्जुन भाटी भी अपने पहले बड़े पेशेवर खिताब की तलाश में मैदान में उतरेंगे।शौकिया खिलाड़ियों की सूची में हरजाई मिल्खा सिंह भी शामिल हैं, जो दिग्गज गोल्फर जीव मिल्खा सिंह के बेटे हैं और इन दिनों इंडियन गोल्फ यूनियन सर्किट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके अलावा कृष चावला और चैतन्य पांडे भी इस वर्ग में हिस्सा लेंगे।अनुभवी खिलाड़ियों में छह बार एशिया में जीत दर्ज करने वाले एसएसपी चौरसिया और भारत के पहले खिलाड़ी के रूप में ‘द ओपन’ खेलने वाले गौरव घेई भी पूरे सीजन में खेलते नजर आएंगे। गौरव घेई युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने और गोल्फ के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।गौरतलब है कि गगनजीत भुल्लर एशियन टूर के नियमित खिलाड़ी हैं और वह इस साल एशियन टूर, इंटरनेशनल सीरीज और आईजीपीएल के बीच अपने कार्यक्रम को संतुलित करने की योजना बना रहे हैं। 37 वर्षीय भुल्लर का मानना है कि उनके पास अभी भी एशिया और यूरोप में उच्च स्तर पर खेलने के कई साल बाकी हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal