रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल के जरिए 12 बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद पासपाेर्ट कार्यालय में हड़कंप मच गया।पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हाे गईं और पूरे परिसर को एहतियातन खाली कराकर सघन चेकिंग कीगई, लेकिन कहीं काेई विस्फाेटक नहीं मिला।पासपाेर्ट कार्यालय की आधिकारिक मेल में पूरे कार्यालय काे बमाें से उड़ाने क धमकी मिली। मेल भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को तमिलनाडु का निवासी बताया है। अधिकारियों ने बताया कि धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय को तत्काल खाली कराया गया और कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पूरे परिसर की जांच के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच टीमाें ने भवन के अंदरूनी हिस्सों, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के परिसर की भी जांच की।अधिकारियों ने बताया है कि ईमेल में आरोपित शख्स ने लिखा कि उसकी शिकायतों पर ना तो पुलिस ध्यान दे रही है और ना ही उसे कोर्ट से राहत मिली है, जिससे वह बहुत परेशान है। घटना काे लेकर सिविल लाइन थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपित तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस अब ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस के आधार पर धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। साइबर सेल की टीम तकनीकी विश्लेषण कर रही है ताकि मेल के स्रोत तक पहुंचा जा सके।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal