Tuesday , February 17 2026

गुणवत्ता में लापरवाही पर भड़के विधायक डॉ. नीरज बोरा, दिए ये निर्देश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देशों के बावजूद ज़मीनी स्तर पर जिम्मेदार विभाग और अधिकारी आदेशों को गंभीरता से लेते नहीं दिख रहे हैं। इसका नतीजा यह है कि विकास कार्यों में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।

मंगलवार को फैजुल्लागंज वार्ड तृतीय में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करने पहुँचे क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा अनियमितताएँ देखकर भड़क उठे और कड़ा एतराज जताया। उन्होंने नगर विकास मंत्री एके शर्मा को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराया।

उन्होंने सेंट जोसेफ कॉलेज के पीछे मंदिर परिसर एवं आसपास की कॉलोनियों में चल रहे नाली निर्माण समेत विभिन्न विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और जनसमस्याओं को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही तय की।

निरीक्षण के दौरान डॉ. नीरज बोरा ने नाली निर्माण कार्य में प्रयुक्त हो रही सामग्री की गुणवत्ता अत्यंत निम्न स्तर की पाई। इस पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि जनता के पैसे का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। 

साथ ही साथ प्रियदर्शिनी कॉलोनी में सड़क पर बह रहे सीवर के कारण नागरिकों को हो रही दिक्कतों को विधायक ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस समस्या का तत्काल और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि स्थानीय लोगों को गंदगी और दुर्गंध से निजात मिल सके। 

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है और कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद प्रदीप शुक्ला, नगर निगम जोन-3 के अधिशासी अभियंता नजमी मुजफ्फर, सहायक अभियंता विनोद पाठक, भाजपा नेता दिनेश तिवारी, कुलदीप तिवारी, शैलेन्द्र मौर्य (मंडल अध्यक्ष), अनिल मिश्रा, किशोर प्रजापति निर्देश दीक्षित सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।