Tuesday , February 17 2026

मोहित रैना और प्रियामणि का अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में बड़ा कदम

टीवी शो ‘देवों के देव महादेव’ से लोकप्रिय हुए अभिनेता मोहित रैना अब एक नई इंडो-हॉलीवुड फीचर फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का निर्माण हर्ष महादेश्वर कर रहे हैं और इसमें उनके साथ राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री प्रियामणि अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। प्रियामणि हाल ही में ‘जवान’ और वेब सीरीज ‘द फेमिली मैन’ में अपनी दमदार अदाकारी के लिए सराही गई थीं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म एक सच्ची घटना से प्रेरित है, हालांकि इसका शीर्षक अभी तय नहीं किया गया है।रिपोर्ट्स के अनुसार, यह परियोजना अमेरिकी प्रोडक्शन कंपनी रेड बिसन प्रोडक्शंस और मुंबई स्थित एज़्योर एंटरटेनमेंट के बीच रचनात्मक सहयोग का परिणाम है। फिल्म की कहानी एक अप्रवासी परिवार की भावनात्मक और सांस्कृतिक यात्रा पर आधारित है, जो अमेरिका में अपनी पहचान और अपनेपन की तलाश में संघर्ष करता है। इसमें पारिवारिक मूल्यों, जड़ों से जुड़ाव और नए परिवेश में सामंजस्य जैसे विषयों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।फिल्म की शूटिंग अप्रैल 2026 से शुरू होने की योजना है। इसका अधिकांश हिस्सा अमेरिका के ‘न्यूयॉर्क’ और ‘न्यू जर्सी’ में फिल्माया जाएगा, जबकि कुछ महत्वपूर्ण दृश्य दिल्ली और ‘जम्मू-कश्मीर’ में शूट किए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय पृष्ठभूमि और सशक्त कहानी के चलते इस परियोजना को लेकर फिल्म जगत में खास उत्सुकता देखी जा रही है।