Wednesday , February 11 2026

गोमती संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए “गोमती जीवन यात्रा” 15 फरवरी से

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश की जीवनरेखा मानी जाने वाली गोमती नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन और सामाजिक चेतना के उद्देश्य से Youth In Action द्वारा “गोमती जीवन यात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 15 फरवरी 2026 को गोमती के उद्गम स्थल माधोटांडा (पीलीभीत) से प्रारंभ होकर 13 मार्च 2026 को गंगा–गोमती संगम (वाराणसी–गाज़ीपुर) में संपन्न होगी।

लगभग 1,500 किलोमीटर लंबी यह यात्रा गोमती नदी के तटवर्ती जिलों से गुजरते हुए समाज, युवाओं, किसानों, बुद्धिजीवियों और प्रशासन को एक साझा मंच पर जोड़ने का प्रयास है। यात्रा का उद्देश्य नदी संरक्षण को एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

Youth In Action के राष्ट्रीय संयोजक शतरुद्र प्रताप सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि गोमती केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, खेती, आजीविका और भविष्य से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आज समाज ने नदी के प्रति अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई, तो आने वाली पीढ़ियाँ हमें माफ़ नहीं करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोमती जीवन यात्रा समस्या बताने की नहीं, बल्कि समाधान की यात्रा है।

उन्होंने बताया कि यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर तीन कार्यक्रम अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाएंगे। जिसमें नदी पूजन एवं गोमती वंदना, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, तथा स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान शामिल है।

यात्रा के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम चौपालों, नगर संवादों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नदी संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यह यात्रा पीलीभीत, शाहजहाँपुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, सीतापुर, नैमिषारण्य, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी और गाज़ीपुर सहित कई प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुज़रेगी।

Youth In Action ने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान से जुड़ने, समर्थन देने और गोमती नदी की अविरलता एवं निर्मलता के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की है।