चेन्नई : आईसीसी टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। रविवार को चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम खेले गए ग्रुप डी के मुकाबले में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने गुलबदीन नईब (63 रन) के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 182 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट की 65 रनों की अर्धशतकीय पारी की मदद से 17.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 183 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। रचिन रवींद्र बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि फिन एलन सिर्फ एक रन बना सके। इसके बाद टिम सीफर्ट और ग्लेन फिलिप्स ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 74 रनों की अहम साझेदारी की। फिलिप्स ने 25 गेंदों में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए। सीफर्ट ने 42 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों के साथ 65 रनों की शानदार पारी खेली।न्यूजीलैंड को पांचवां झटका मार्क चैपमैन के रूप में लगा। वह 17 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डेरिल मिचेल और कप्तान मिचेल सैंटनर ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत तक पहुंचा दिया। मिचेल 14 गेंदों पर 25 रन और सैंटनर आठ गेंदों पर 17 रन बनाकर नाबाद रहे।अफगानिस्तान की ओर से मुजीब उर रहमान ने दो विकेट झटके, जबकि अजमतुल्लाह ओमरजई, राशिद खान और मोहम्मद नबी को एक-एक सफलता मिली।इससे पहले अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 182 रन बनाए थे। टीम को इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज ने सधी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। हालांकि पावरप्ले में ही दोनों सलामी बल्लेबाजों आउट हो गए। जादरान ने 10 और गुरबाज ने 27 रन बनाए। इसके बाद सेदिकुल्लाह अतल और गुलबदिन नईब ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। सेदिकुल्लाह 29 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गुलबदिन नईब ने 35 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 63 रनों की अहम पारी खेली। अंतिम ओवरों में दारविश रसूली (20) और ओमरजई (14) ने तेज रन जोड़े, जबकि मोहम्मद नबी 10 रन बनाकर नाबाद रहे।न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए, जबकि मैट हेनरी, जैकब डफी और रचिन रवींद्र को एक-एक विकेट मिला।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal