अल्बासेटे, (स्पेन) : गत विजेता बार्सिलोना ने कोपा डेल रे में अल्बासेटे के ‘जायंट-किलिंग’ अभियान पर विराम लगाते हुए मंगलवार को क्वार्टरफाइनल मुकाबले में उसे 2–1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई। हालांकि दूसरे डिवीजन की टीम अल्बासेटे ने अंत में जोरदार वापसी की कोशिश कर बार्सिलोना को कड़ी चुनौती दी।बार्सिलोना के लिए लामिन यामल ने 39वें मिनट में शानदार गोल कर स्कोरिंग की शुरुआत की। इसके बाद कप्तान रोनाल्ड अराउहो ने दूसरे हाफ में कॉर्नर से हेडर लगाकर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। इसके साथ ही बार्सिलोना पिछले साल जीती गई ट्रॉफी का बचाव करने की दिशा में आगे बढ़ गया।मैच के अंतिम चरण में अल्बासेटे ने जोरदार दबाव बनाया। 87वें मिनट में जावियर मोरेनो ने फ्री-किक पर डाइविंग हेडर से गोल कर अंतर घटा दिया। स्टॉपेज टाइम में अल्बासेटे का एक और प्रयास बार्सिलोना की गोल लाइन से क्लीयर कर दिया गया, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया।स्पेनिश सेकेंड डिवीजन में 12वें स्थान पर काबिज अल्बासेटे ने इससे पहले कोपा डेल रे में सेल्टा विगो और रियल मैड्रिड जैसी बड़ी टीमों को बाहर कर सनसनी फैलाई थी। क्वार्टरफाइनल में भी उसने दमदार खेल दिखाया, लेकिन बार्सिलोना की गुणवत्ता अंततः भारी पड़ी।पहले हाफ में बार्सिलोना के मार्कस रैशफोर्ड ने गेंद छीनी और फ्रेंकी डी जोंग के जरिए यामल को मौका मिला, जिसे युवा स्टार ने बाएं पैर से बेहतरीन फिनिश दिया। रैशफोर्ड और दानी ओल्मो को भी गोल के मौके मिले, लेकिन वे उन्हें भुना नहीं सके।दूसरे हाफ में अराउहो ने दिसंबर में मानसिक स्वास्थ्य ब्रेक के बाद अपनी पहली शुरुआत में गोल कर खास वापसी की। अंतिम मिनटों में फेरान टोरेस का गोल ऑफ-साइड करार दिया गया, जिससे स्कोर 2–1 ही रहा।अन्य क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में बुधवार को डेपोर्टिवो अलावेस बनाम रियल सोसिएदाद और वालेंसिया बनाम एथलेटिक बिलबाओ खेला जाएगा, जबकि गुरुवार को एटलेटिको मैड्रिड का सामना रियल बेटिस से होगा।बार्सिलोना ने पिछले साल सेविला में खेले गए फाइनल में अतिरिक्त समय में रियल मैड्रिड को 3–2 से हराकर खिताब जीता था।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal