Sunday , February 1 2026

CII उत्तरी क्षेत्र का बजट 2026–27 पर मंथन, उद्योग विकास को बताया विकासोन्मुख

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) उत्तरी क्षेत्र ने केंद्रीय बजट 2026–27 का दृश्य सत्र आयोजित किया। जिसमें क्षेत्रीय उद्योग के सदस्य एकत्रित हुए, बजट का संयुक्त रूप से अवलोकन किया और इसके उद्योग एवं क्षेत्रीय आर्थिक विकास पर प्रभाव पर चर्चा की।

सीआईआई उत्तरी क्षेत्र की चेयरपर्सन और आनंद ग्रुप की कार्यकारी चेयरपर्सन अंजलि सिंह ने कहा, “केंद्रीय बजट 2026 एमएसएमई के लिए लक्षित उपाय प्रस्तुत करता है, जिससे उनकी वृद्धि पूंजी तक पहुंच और सतत विस्तार की क्षमता मजबूत होगी। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 देशी उपकरण, सामग्री, डिजाइन क्षमता और आईपी सृजन पर फोकस के साथ भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूती देगा।”

सीआईआई उत्तरी क्षेत्र के उपाध्यक्ष और सैमटेल एवियोनिक्स के एमडी एवं सीईओ पुनीत कौरा ने कहा, “यह बजट भारत के औद्योगिक और तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए व्यावहारिक और संतुलित दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है।”

डॉ. उपासना अरोड़ा (अध्यक्ष, CII उत्तर प्रदेश एवं प्रबंध निदेशक, यशोदा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल्स) ने कहा कि केंद्रीय बजट रोजगार सृजन और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कार्यबल तैयार करने पर केंद्रित है।
‘बायो फार्मा शक्ति’ पहल से बायोफार्मा विनिर्माण, अनुसंधान एवं निर्यात को बढ़ावा मिलेगा, वहीं मानसिक स्वास्थ्य, ट्रॉमा केयर और सहायक तकनीकों पर जोर से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर होगी।

अभिषेक साराफ (उपाध्यक्ष, CII उत्तर प्रदेश एवं प्रबंध निदेशक, अवध रेल इंफ्रा लिमिटेड) ने कहा कि बजट 2026 स्पष्ट रूप से विकासोन्मुख है। प्रस्तावित एसएमई ग्रोथ फंड से इक्विटी और तरलता तक बेहतर पहुंच मिलेगी, जिससे उद्यमों का विस्तार और नवाचार संभव होगा। सड़क और रेलवे दोनों पर निरंतर जोर उद्योग को दीर्घकालिक निवेश के लिए विश्वास प्रदान करता है।

सीआईआई उत्तरी क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशकरचना जिंदल ने कहा, “केंद्रीय बजट 2026 निरंतरता, स्थिरता और औद्योगिक-तकनीकी विकास को मजबूत करने के स्पष्ट संकेत देता है।”

सीआईआई उत्तरी क्षेत्र इन नीतिगत उपायों को ठोस परिणामों में बदलने हेतु सभी हितधारकों के साथ साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है।