लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। न्यू गणेशगंज में चल रही डिजिटल मूविंग जन्माष्टमी झांकी के चौथे दिन नौका विहार का दृश्य दिखाया गया। नौका विहार की स्वचालित एनिमेटेड मूविंग झांकी में एक बार शरद् ऋतु ने अपनी समूची शोभा वृन्दावन धाम में प्रकट कर दी।

जलाशय में खिले हुए कमलों की सुगन्ध चारों ओर व्याप्त हो गयी। मानो लक्ष्मीजी अपने हाथ की सुगन्ध सब ओर छोड़ गयी हैं। ऐसी ही सुन्दर मनभावन शरद ऋतु में राधा कृष्ण व गोपियों के साथ यमुना जल में नौका विहार का आनंद उठा रहे थे। उनके चारों ओर गुनगुनाते हुये भौंरे उड़ रहे थे मानो गन्धर्वराज कान्हा की कीर्ति का गान कर रहे हों।

यमुना जल में गोपियों ने प्रेमभरी चितवन से कृष्ण की ओर देख-देखकर तथा हंस-हंसकर उन पर इधर-उधर से यमुना जल की बौछार कर खूब अठखेलियाँ कीं। विमानों पर चढ़े हुये देवता पुष्पों की वर्षा करके उनकी स्तुति का गान करने लगे। इसी समय श्रीकृष्ण की मुरली बज उठी। मुरली की सुमधुर धुन सुनते ही ब्रजवासियों का मन कृष्णमय होकर सुधबुध खोकर नृत्य करने लगे थे। 30 अगस्त शुक्रवार को गोवर्धन लीला का दृश्य दिखाया जाएगा। झांकियों का खुलने का समय प्रतिदिन सांय 6 बजे से रात 12 तक कर सकेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal