Sunday , September 8 2024

पर्वतीय महापरिषद : मनाया गया ‘‘हरेला’’ लोकोत्सव, सीएम को भेंट करेंगे जानकी की टोकरी



सर्वश्रेष्ठ तीन हरेला टोकरियों को किया गया सम्मानित

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पर्वतीय महापरिषद द्वारा आयोजित ‘‘हरेला पखवाड़ा’’ का बुधवार को समापन हो गया। अध्यक्ष गणेश चन्द्र जोशी ने बताया कि महापरिषद द्वारा इस बार एक विशेष अंदाज में हरेला पर्व मनाया गया। महिलाओं द्वारा पारंपरिक उत्तराखंडी परिधानों में विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।

श्रेष्ठ तीन हरेला टोकरियों का चयन किया गया। प्रथम स्थान हासिल करने वाली जानकी अधिकारी की टोकरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट की जाएगी। इस अवसर पर श्रेष्ठ हरेला को शिव-पार्वती सम्मान तथा श्रेष्ठ परिधान युक्त महिला को ‘‘श्रेष्ठ परिधान सम्मान’’ से अलंकृत किया गया।


महापरिषद के महासचिव महेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि प्रकृति पर्यावरण, कृषि व परम्पराओं को संजोये हुए हरेला त्यौहार मनाया गया। लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों से पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाओं ने हरेले की टोकरियों को सजा कर ‘‘श्रेष्ठ हरेला प्रतियोगिता’’ में भाग लिया। श्रेष्ठ हरेला प्रतियोगिता में प्रथम शिव पार्वती सम्मान जानकी अधिकारी, द्वितीय कु. रूपाली सिंह, तृतीय पूनम बोरा, सांत्वना पुरस्कार दीपा जोशी को मिला।

मुख्य अतिथि महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी को हरेला पर्व की शुभकामनाऐं दी तथा संस्कृति व पराम्पराओं को जीवंत रखने के लिए पर्वतीय महापरिषद के प्रयासों की प्रशंसा की। मुख्य संयोजक  टीएस मनराल, संयोजक केएन चंदोला सहित पर्वतीय समाज के अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर हरेला आशीर्वाद गीत ‘‘ जी रैया जागी रैया...’’ एवं पर्यावरण गीत से कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। गोमती नगर भरवारा से समूह नृत्य, एकल हरेला गीत, एलडीए कानपुर रोड शाखा के बच्चों द्वारा लोकनृत्य, कल्याणपुर के बच्चों द्वारा शिव पार्वती समूह नृत्य, गोमतीनगर शाखा द्वारा झोड़ा नृत्य, उत्तराखण्डी परिधान प्रतियोगिता, कुमाऊँनी परिधान प्रतियोगिता, गढ़वाली परिधान प्रतियोगिता, जौनसारी परिधान प्रतियोगिता, शौका परिधान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष पर्वतीय व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में निर्णायक मण्डल में प्रेमा पाण्डे, गीता बिष्ट, नीमा पंत थी। 

इस अवसर पर संरक्षक प्रो. आरसी पन्त, डीडी नरियाल, उपाध्यक्ष बिशन दत्त जोशी, महेन्द्र पन्त, सुमन रावत, केएस रावत, सांस्कृतिक सचिव गोविन्द सिंह बोरा, रमेश उपाध्याय, हेमंत सिंह गड़िया, शंकर पाण्डेय, केएन पाठक, पुष्कर नयाल, डा.बीएस नेगी, हरीश कांडपाल, आनन्द सिंह कपकोटी, गंगा भट्ट, जानकी अधिकारी, चित्रा काण्डपाल, दीपा बिष्ट, अंजली बौनाल, दमयंती नेगी, भारती काण्डपाल, मंजू पाण्डे, शशि जोशी, नीलम बिष्ट, लक्ष्मण सिंह धामी, कमल नेगी, महेन्द्र सिंह मेहता, बीना रावत, मीना मेहता, विनीता रावत, बसंती बिष्ट, बिमला बोरा, राधिका बोरा, सहित अनेक लोग उपस्थित थे।