Thursday , September 19 2024

शिब्ली कालेज सहायक प्रोफेसर भर्ती घोटाला, यूपी का सबसे बड़ा एजुकेशन घोटाला है : शशांक शेखर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने सोशल मीडिया पर अपनी एक वीडियो जारी करते हुए शिब्ली कालेज आजमगढ़ की 52 सहायक प्रोफेसरों की नियुक्तियों पर सवाल उठाते हुए विभागीय मंत्री पर भी हमलावर हैं।
उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके नियर और डियर की नियुक्ति शिब्ली कालेज में हुई है, उसको बचाने के लिए मंत्री जी सारे कायदे कानून और नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
शशांक शेखर ने मैनेजमेंट और मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी सरकार को बदनाम करने की योजना पर मंत्री जी कार्य कर रहे हैं। तभी तो जिस शिब्ली कालेज आजमगढ़ की 52 सहायक प्रोफेसर नियुक्तियों में सीएम आफिस के आदेश पर बनी आयुक्त और जिलाधिकारी आजमगढ़ की जांच कमेटी ने एक नहीं, 6-6 शिकायतों को प्रमाणित करते हुए नियुक्तियों में हुए भ्रष्टाचार की कलई खोल दिया। जिस कमेटी में तीन मजिस्ट्रेट और दो जनपद स्तरीय अधिकारी ने जांच किया और शिब्ली के भ्रष्टाचार और नियुक्ति घोटाले को खोला, उस रिपोर्ट पर कार्रवाई करने की बजाय विभागीय मंत्री द्वारा ही भ्रष्टाचार को संरक्षण और घोटालेबाजों को बचाया जा रहा है। यह योगीराज के जीरो टॉलरेंस नीति का माखौल उड़ाया जा रहा है।
शशांक शेखर ने आरोप लगाते हुए कहा है कि शिब्ली का नियुक्ति घोटाला यूपी का सबसे बड़ा ‘अस्सिटेंट प्रोफेसर भर्ती घोटाला’ है। जिसमें प्राचार्य, मंत्री, उच्च शिक्षा विभाग और कुलपति से लेकर मैनेजमेंट तक आपस में मिले हुए हैं। आयुक्त की जांच आख्या में स्पष्ट है कि बिना लिखित परीक्षा कराएं, मैनेजमेंट द्वारा घोर भाई-भतीजावाद कर अपनों की नियम विरुद्ध नियुक्तियां की गई हैं। इस नियुक्ति घोटाला में करोड़ों की लेन-देन हुए हैं। मंत्री के निकटवर्ती और उनके निजी सचिव की तरह रहने वाले मुकुल चतुर्वेदी की और अन्य निकटवर्तियों की भी नियुक्तियां हुई हैं। प्राचार्य के सगे भाई और बहनोई की भी नियुक्तियां हुई हैं। सोसायटी के चैयरमेन के लड़के की नियुक्ति हुई है। जिसे अवैध रुप से एक आदेश निकाल कर विभागीय मंत्री वैध करना चाहते हैं। वे अवैध नियुक्तियों को वैध करने के लिए किसी भी स्तर पर जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उच्च शिक्षा विभाग की कारस्तानी और मंत्री की भूमिका को बताया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर पर अगर समय रहते हुए इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर भी आंदोलन के लिए हम तैयार हैं।
शिबली कालेज के भ्रष्टाचार से योग्य युवक-युवतियों तथा नौजवानों के अधिकारों के साथ धोखा हुआ। राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।