
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। चार चरणों के चुनाव हो चुके हैं और उनसे जो रुझान सामने आ रहे हैं, उससे देशवासियों का एक विश्वास पक्का होता जा रहा है कि सातवां चरण समाप्त होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व की सरकार एनडीए के साथ 400 पार से बनने जा रही है। पांचवे चरण के चुनाव प्रचार के अपने अंतिम जनसभा में उक्त बातें केंद्रीय रक्षामंत्री व लखनऊ सीट से भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने कही।

लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के मड़ियांव तिराहे पर शनिवार को आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि एक प्रतिनिधि होने के नाते जितना विकास कार्य मैं कर सकता था उतना मैंने करने की कोशिश की है। बहुत सारी योजनाएं पूरी भी हो चुकी हैं और बहुत सारी योजनाएं स्वीकृत हैं और उनके आगे भी काम होना है। इसमें सभी विधायकों व कार्यकर्ताओं काभी योगदान है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां तरह-तरह के अफवाह फैलाकर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। कहा जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार अगर फिर से बन गई और नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बन गए तो आरक्षण की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी। मैं विपक्ष से कहना चाहता हूं की राजनीति करनी है तो केवल और केवल सच बोलकर की जा सकती है झूठ बोलकर कभी राजनीति नहीं की जा सकती है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि दुनिया के बड़े-बड़े अर्थशास्त्री इस बात का दावा कर रहे हैं कि दुनिया में तेजी से आगे बढ़ने वाला कोई देश है तो वह भारत है। ऐसे ही भारत अगर आगे बढ़ता रहा तो 2027 आते-आते हमारा देश अर्थव्यवस्था के मामले में दुनिया में तीसरे स्थान पर आकर खड़ा हो जाएगा।

उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता देवतुल्य हैं जो इतनी कड़ी धूप के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में यहां उपस्थित है और भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत से विजय बनाने के लिए संकल्पित है।

जनसभा को लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, लोकसभा चुनाव संयोजक एमएलसी मुकेश शर्मा, क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल ने भी संबोधित किया।


इस मौके पर राज्यसभा सांसद संजय सेठ व बृजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी मोहसिन राजा, पूर्व सांसद अशोक बाजपेई, वरिष्ठ समाजसेविका बिंदु बोरा, अक्षय मिश्रा “लालू”, राजीव सिंह “राजू”, दुर्गेश सिंह, अपूर्व मिश्रा, लकी तिवारी, संतोष त्रिपाठी सहित मंडल अध्यक्ष और पार्षद गणों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।