श्री विजयपुरम (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह के उप राज्यपाल डा. दिनेश शर्मा ने वृंदावन ग्राम पंचायत का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने वृंदावन ग्राम पंचायत में बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन के विस्तारित भाग – रसोईघर, शौचालय, स्नानघर और भंडार कक्ष (जो लगभग 47 लाख रुपये की लागत से निर्मित है) का उद्घाटन किया। साथ ही, मुख्य सड़क से मुरुगन मंदिर होते हुए गांव तक बनी लगभग 32 लाख रुपये की लागत की सीमेंट-कंक्रीट सड़क का भी लोकार्पण किया।


इस अवसर पर जन समूह को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने स्थानीय लोगों, सांसद एवं जनप्रतिनिधियों की मांग पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने वृंदावन में खेल मैदान हेतु एक हेक्टेयर भूमि के आवंटन तथा नवनिर्मित फरारगंज स्टेडियम के हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। निर्धारित भूमि पर वर्षा जल संचयन तालाब का निर्माण तीव्र गति से कराने को कहा। साथ ही, क्षेत्र में रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृंदावन में प्रस्तावित सी-फूड पार्क के विकास हेतु लगभग 5 हेक्टेयर भूमि आवंटित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर सांसद विष्णु पद रे, प्रमुख पंचायत समिति फरारगंज पद्मावती, जिला परिषद सदस्य, वृंदावन निर्वाचन क्षेत्र सी.के. अब्दुल अजीज, प्रधान, ग्राम पंचायत वृंदावन नसीमा बानू, उपायुक्त, दक्षिण अंडमान, पुलिस अधीक्षक (दक्षिण अंडमान) एवं निदेशक (ग्रामीण विकास) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal