राम मंदिर बना है तो अब राम राज्य भी आएगा : स्वतंत्रदेव सिंह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। हमारे बड़े बुजुर्ग कहते हैं कि जो राम का नहीं वो किसी के काम का नहीं। अब जाकर ये समझ आया कि बड़े बुजुर्ग ये बात दरअसल वो उन इंडी गठबंधन के नेताओं के लिए कहते थे जिन्होंने ना सिर्फ़ राम मंदिर की राह में रोड़े अटकाए बल्कि मंदिर के बाद प्रभु श्रीराम के दर्शन करने भी नहीं गये। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को अपने चुनावी भाषण में ये बातें कहीं। श्री सिंह ने उत्तर प्रदेश के कौशांबी और अमेठी में चुनावी सभाएँ की और युवा कार्यकर्ताओं व बूथ अध्यक्षों को संबोधित किया।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहाकि राम मंदिर के बड़े निहितार्थ हैं। राम मंदिर बना है तो अब राम राज्य भी आएगा। लेकिन ये सब अपने आप नहीं होने वाला। मोदी जी तो दिन रात राष्ट्र सेवा का कार्य कर रहे हैं, हमें अपने वोट डालकर और साथी वोटरों को बूथ तक पहुँचाने का कार्य करना है। श्री सिंह ने कहा कि गर्मी बहुत भयानक पड़ रही है, लेकिन ये गर्मी उस कष्ट के आगे कुछ नहीं है। सपा की सत्ता तो आपको याद ही होगी कैसे दिन रात गुंडागर्दी, महिलाओं से छेड़खानी, छिनौती होती थी। पुलिस अपराधियों के खिलाफ़ रिपोर्ट लिखने के बजाय आज़म ख़ान की भैंस ढूँढती थी।

उन्होंने मोदी सरकार के दस वर्ष के काम गिनाते हुए कहा कि लोगों के जीवन स्तर में बीते दस सालों में सुधार आया है। अपराध को खत्म करने का काम किया है जिससे लोग चैन की साँस ले पा रहे हैं। विकास के रास्ते पर हमारा भारत सरपट दौड़ रहा है। श्री सिंह ने कहा कि हर वोटर को बूथ तक पहुँचने की ज़िम्मेदारी हमारे कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों पर है।