Tuesday , September 17 2024

लोकतंत्र को सफल बनाएँ करके निज मतदान को…

पीलीभीत के राजेश राठौर गीत के माध्यम से मतदाताओं को कर रहे जागरूक 

पीलीभीत (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए जागरूक करने हेतु सभी वर्ग के लोग अपने ढंग से अभियान चला रहे हैं। पीलीभीत जिले में कवि व शायर अपनी कविताओं, शायरी और गजल, गीतों के जरिए मतदान के प्रति लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। पीलीभीत में मतदान हो चुका है, परंतु पड़ोसी जनपद लखीमपुर खीरी, बरेली और शाहजहांपुर के मतदाताओं को जागरूक करने के लिए यहां के लोग निरंतर अभियान चलाते हुए सोशल मीडिया के जरिए जागरूकता फैला रहे हैं। 

पीलीभीत जिले के पूरनपुर निवासी शिक्षक राजेश राठौर ‘राज’ ने भी मतदाता जागरूकता पर एक गीत लिखा है। इस गीत के जरिए वे लोगों से मतदान करने और लोकतंत्र को बचाने की अपील करते नजर आ रहे हैं। राजेश राठौर का मतदाता जागरूकता गीत आजकल चर्चा में बना हुआ है। 

लोकतंत्र को सफल बनाएँ करके निज मतदान को। 

सर आँखों पर रखें विश्व के अपने हिंदुस्तान को।। 

अपना यही धरम है मित्रो करना है मतदान को।। 

घर-घर जाकर हर जन-जन को मत का मूल्य बताना है। 

नागरिकों के कर्तव्यों का पूरा ज्ञान कराना है।। 

अविरल हमें चलाना होगा मतदाता अभियान को। 

अपना यही धरम है मित्रो करना है मतदान को।।

महायज्ञ मतदान हमारा मत आहुति सम होता है।

कर ना सका सहभाग जो इसमें पाँच साल तक रोता है।।

सोच समझ कर चुने देश का नेता सही सुजान को।

अपना यही धरम है मित्रो करना है मतदान को।।

टूटे ना संकल्प हमारा पावन मन की अभिलाषा। 

लोकतंत्र को रक्खे जीवित ये ही सच्ची परिभाषा।।

सदा हमें ऊँचा रखना है अपने विजय निशान को।

अपना यही धरम है मित्रो करना है मतदान को।।

रहें सुरक्षित हर माँ बेटी बूढ़े मात-पिता प्यारे।

विचरण करें रैन दिन सब जन हो करके स्वतंत्र सारे।।

निर्भय हो अन्तस निज ऐसा पायें नित्य विहान को।

अपना यही धरम है मित्रो करना है मतदान को।।