Friday , September 20 2024

मृगनयनी प्रदर्शनी : नए अवतार में दिख रहीं चंदेरी-माहेश्वरी, ODOP को मिल रहा बढ़ावा

मन मोह रहे हैं पंचधातु की मूर्तियों, जरी के बटुए और लकड़ी के खिलौनों के स्टॉल्स

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। चंदेरी की साडिय़ों में मेंहदी रचे हाथ की डिजाइन हो या फिर गायत्री देवी के माध्यम से लोकप्रिय हुए 12 डिजाइन। ललित कला अकादमी अलीगंज में चल रही मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रदर्शिनी मृगनयनी में चंदेरी व माहेश्वरी साड़ियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं पंचधातु की मूर्तियों, ज्वेलरी, जूट के थैलों, जरी के बटुए और लकड़ी के खिलौनों के स्टॉल्स भी सभी का मन मोह रहे हैं।


मध्यप्रदेश हस्तशिल्प प्रदर्शनी मृगनयनी में चंदेरी-माहेश्वरी साडिय़ां नए अवतार में दिख रही हैं। 5 मार्च तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में चंदेरी-माहेश्वरी साड़ियों के हुनरमंद कलाकारों ने अपने अनुभव, स्टार्टअप, मार्केटिंग सहित विकास पथ पर आगे पढ़ने का मूलमंत्र दिया।

मृगनयनी प्रदर्शनी में एक जनपद एक उत्पाद को भी बढ़ावा मिल रहा है। इसके तहत मध्य प्रदेश की 5 कारीगर महिलाएं भी अपने उत्पादों को लेकर आई है। विदिशा जिले से जूट के बैग लेकर आई सुरेखा यादव ने बताया कि वह खुद बैग बनाने के साथ ही करीब 40 महिला पुरुषों को रोजगार भी दे रही हैं। वहीं भोपाल से रिया मिश्रा ज्वेलरी लेकर आई है। जिसमें बाजू बंद झुमके, पाजेब, कंगन सहित अन्य ज्वेलरी महिलाओं को लुभा रहीं हैं।

प्रदर्शनी में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं। जिसके तहत शुक्रवार को तान्या सक्सेना, वैष्णवी वर्मा, कुसमा देवी, चेष्टा श्रीवास्तव, पारुल यादव, इरीना सिन्हा, नित्या यादव, वाची बाजपेई, पार्शवी जैन ने कथक की धमाकेदार प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।प्रदर्शनी के प्रभारी एमएल शर्मा ने बताया कि मध्यप्रदेश ग्रामोद्योग विभाग की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य मध्यप्रदेश शासन की मंशानुरूप कला, संस्कृति को बढ़ावा देने, पारंपरिक कलाओं का संवर्धन और कला के कद्रदानों तक हस्तशिल्प की कलाकृतियों को ले जाना है। इसमें प्रवेश नि:शुल्क है।

उन्होंने बताया कि माहेश्वरी साडिय़ों के अलावा चित्रकूट के लकड़ी के खिलौने और भोपाल का जरी-जरदोजी का बटुआ भी आकर्षण बना हुआ है। टीकमगढ़ से आया पंचधातु से तैयार भगवान विष्णु के दशावतार वाला शंख और भगवान कृष्ण की वैजंतीमाला पहने प्रतिमा भी देखते ही बनती है। प्रदर्शनी में विश्व प्रसिद्ध कोसा, इंडिगो प्रिंट, बाग प्रिंट लोगों को पसंद आ रहे हैं।