Tuesday , September 17 2024

भारत हस्तशिल्प महोत्सव : कवि सम्मेलन संग बिखरी ब्रज की छटा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट एवं प्रगति एवेंट के तत्वावधान में काशीराम स्मृति उपवन आशियाना में चल रहे तीसरे भारत हस्तशिल्प महोत्सव में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।

उत्तर प्रदेश साहित्य सभा द्वारा प्रदेश की 25 साहित्य सभाओं व साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। साहित्यकार सर्वेश अस्थाना ने कहाकि प्रत्येक जिले में साहित्यकार पुरम की स्थापना हो, जिसमें आसान किश्तों में आवास उपलब्ध हो साथ ही कवियों और साहित्यकारों को ट्रेन और बस में रियायत भी दी जाये।

गिरधर खरे के संयोजन व वरिष्ठ साहित्यकार विनोद शंकर शुक्ल की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में बलराम श्रीवास्तव, अर्जुन सिंह चांद, डॉ. सोनरूपा विशाल, गजेंद्र, प्रियांशु व राजीव राज भी मौजूद रहे।

इटावा, मैनपुरी, झांसी, चित्रकूट, जालौन, बाराबंकी, हरदोई, आजमगढ़, बदायूँ, लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, अंबेडकर नगर, कानपुर देहात, सुल्तानपुर, गोंडा, बाँदा, झाँसी, अयोध्या, देवरिया, लखीमपुर आदि जिलों की सभाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हुये कवि सम्मेलन में उपस्थित सभी कवियों ने काव्यपाठ किया।

सांस्कृतिक संध्या में ब्रज के स्वरूप की अद्भुत झांकी प्रस्तुत की गई। विमल ने कृष्ण के रूप में और राखी ने राधा के रूप में राधा–कृष्ण की रासलीला को बेहद अनूठे और विस्मय करने वाले अंदाज में प्रस्तुत किया। इसी कड़ी में कृष्ण के रूप विनय जोशी और राधा के रूप में रूपाली वर्मा ने अद्भुत मयूर नृत्य प्रस्तुत करके सबको रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सक्सेना ने किया। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और एनबी सिंह ने बताया कि महोत्सव में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा सिक्के और पुराने नोटों के विनमय की सुविधा भी उपलब्ध है। महोत्सव में आए सभी लोग इसका लाभ उठा सकते हैं।