Friday , September 20 2024

उत्तरायणी कौथिंग : श्रीराम राज्याभिषेक संग हुई आतिशबाजी, मनाया दीपोत्सव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पर्वतीय महापरिषद द्वारा आयोजित 10 दिवसीय उत्तरायणी कौथिग-2024 के नवें दिन का शुभारम्भ ‘‘राम आएंगे…’’ कार्यक्रम के तहत् भगवान श्रीराम जी की आरती के साथ हुआ। जिसमें पर्वतीय महापरिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पण्डाल में उपस्थित भक्त श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर अयोध्या में हो रहे श्रीराम लला की प्राण-प्रतिष्ठा का सजीव प्रसारण देखकर देशव्यापी महोत्सव के साक्षी बने। तत्पश्चात मंच पर श्रीराम, सीता, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न रथ पर सवार होकर पधारे। रथ के आगे आगे उत्तराखण्डी वाद्य यन्त्रों के साथ छोलिया दल नृत्य करते चल रहा था, उसके बाद पुष्प वर्षा करती कलश लिए महिलाएं, नाचते गाते भगवा झण्डे लहराते चन्दनधारी रामभक्त पदाधिकारियों के साथ आमजन उत्साह एवं उमंग के साथ जय श्रीराम के नारे लगाते चल रहे थे। भक्तों का उत्साह एवं उमंग देखते बन रहा था। 

महिलाओं ने पारम्परिक वेषभूषा व पुरूषों ने भगवा पगड़ी धारण कर सम्पूर्ण वातावरण राममय कर दिया।  दरबार में श्रीराम जी का राज्याभिषेक पर्वतीय महापरिषद के धार्मिक प्रकोष्ठ के आचार्यों एवं पुराहितों द्वारा शंखनाद स्वस्तिवाचन के साथ हुआ। सभी ने श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न एवं हनुमान जी की आरती की।

पर्वतीय महापरिषद द्वारा मेला स्थल के बाहर गोमती तट पर आतिशबाजी कर दिवाली मनाई गई।  वही सायंकालीन सत्र में महिला शाखा एवं युवा शाखा के सहयोग से इक्कीस हजार दीप प्रज्जवलित कर पंडाल के चारों ओर सुन्दर जगमग दीपोत्सव पर्व की छठा बिखेरी।