Thursday , September 19 2024

लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव : काव्यधारा की बयार संग गूंजा “अवध में राम आए हैं…”

 

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट एवं प्रगति इवेंट के संयुक्त तत्वावधान में अवध विहार योजना में चल रहे लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव की ग्यारहवीं सांस्कृतिक सन्ध्या में कविताओं संग जन जन के राम गूंजा। श्री राम आवाहन श्लोक पर जानवी गुप्ता, मिष्ठी केशरवानी, आर्या पटेल, अनुष्का और आकांक्षा ने नृत्य प्रस्तुत कर माहौल राममय कर दिया।

सृष्टि राज, अदिती गौतम, आर्या पटेल और जानवी गुप्ता ने ‘अवध में राम आए हैं…’ गीत पर भगवान श्रीराम के व्यक्तित्व को नृत्य के माध्यम से उकेरने का सार्थक प्रयास किया। पीहू पांडेय, बानी शुक्ला और मिष्ठी ने गुलाबी शरारा पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। शैक्षिक साहित्यिक और सांस्कृतिक उत्थान को समर्पित मां विंध्यवासिनी ट्रस्ट लोक जागृति कार्यशाला समिति द्वारा ‘अवध में बिराजे राम’ के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में कवयित्रियों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। कार्यक्रम का प्रारंभ लखनऊ की पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया ने दीप प्रज्वलन कर किया। 

प्रियंका पांडे द्वारा सुंदर सरस्वती वंदना और राम स्तुति प्रस्तुत की गई। पूर्व महापौर ने कहाकि नारी अपनी शक्ति को पहचानें और शालीनता के साथ अपने अधिकारों के लिए स्वयं खड़ी हो। उन्होंने संस्था द्वारा आयोजित रामचरितमानस प्रश्नोत्तरी के सभी प्रतिभागियों और लोक जागृति कार्यशाला में अपना अभिन्न योगदान देने वाले सभी सहभागियों को सम्मान पत्र व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। मंच का संचालन एकता गुप्ता और अमिता गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. पल्लवी चौबे, संस्था की पदाधिकारी नीलम शुक्ला, सीमा त्रिपाठी, कंचना मिश्रा, रजनी शुक्ला एवं साधना उपस्थित रहीं।

विकास दृष्टि संस्था द्वारा “विकसित भारत की ओर बढ़ते कदम” विषय पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। साहित्यिक चेतना संस्था के संरक्षक डॉ. अखिलेश मिश्रा, सरला शर्मा के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्र भूषण ने की।

इस अवसर पर नृत्य मंथन स्कूल ऑफ डांस की अंकिता बाजपेयी के नृत्य निर्देशन में संचिता, सार्थक, अयान, सैम और अद्विका ने मैस अप की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में अंकिता बाजपेयी ने एकल नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके अलावा स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंस के कलाकारों गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी।