Friday , September 20 2024

लोक संस्कृति शोध संस्थान के वार्षिक पुरस्कार घोषित, 11 विभूतियां होंगी सम्मानित

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लोक संस्कृति शोध संस्थान द्वारा शुक्रवार को वर्ष 2023 के वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा की गई। लोककथाओं के अनुशीलन, संकलन और शोध में विशिष्ट योगदान के लिए आगरा की प्रो. शेफाली चतुर्वेदी समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए कुल 11 विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।

उक्त आशय की जानकारी देते हुए संस्थान की सचिव सुधा द्विवेदी ने बताया कि आगामी 27, 28 व 29 दिसम्बर को लखनऊ में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय लोक विमर्श-2023 के दौरान सम्मान समारोह होगा। लोक साहित्य, कला और संस्कृति के संरक्षण-संवर्द्धन की दिशा में कार्य कर रहे लोगों को प्रोत्साहन प्रदान करने की दृष्टि से प्रति वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए 11 विभूतियों को सम्मानित किया जाता है। शुक्रवार को संस्थान की प्रबंधकारिणी समिति ने निर्णायक मंडल की संस्तुतियों के आधार पर पुरस्कारों के लिए नामों को अंतिम मंजूरी दी। लोक संस्कृति के जीवित व्यक्तित्व के कार्यों को आगे बढ़ाने में बढ़ चढ़कर योगदान देने वालों को ध्वजवाहक सम्मान दिया जाएगा। अवधी लोक साहित्य व संस्कृति की दो मूर्धन्य विभूतियां क्रमशः प्रो. कमला श्रीवास्तव और पद्मश्री डा. विद्याविन्दु सिंह के नाम से ध्वजवाहक सम्मान लखनऊ की युवा संगीत साधक मीतू मिश्रा और लोक कथा प्रस्तोता जीतेश श्रीवास्तव को दिये जाने की घोषणा की गई है।

ये होंगे सम्मानित : 

आरती पांडेय स्मृति लोक संगीत साधक सम्मान – मंजू चक्रवर्ती (लखनऊ)

पद्मश्री डॉ. योगेश प्रवीन स्मृति लोक संस्कृति सम्मान – रंजना शंकर (लखनऊ)

प्रभा श्रीवास्तव स्मृति लोक कथा सम्मान – प्रो. शेफाली चतुर्वेदी (आगरा)

शोभा देवी स्मृति लोक संस्कृति अनुरागी सम्मान – अर्चना गुप्ता (बुंदेलखंड)

रमावती देवी स्मृति संगीत सम्मान – कल्पना सक्सेना (कानपुर)

सावित्री देवी स्मृति संगीत साधक सम्मान – प्रो. विनीता सिंह (केजीएमयू, लखनऊ)

जेपी लम्बोदर स्मृति समाज सेवा सम्मान – डा. अनिल गुप्ता (लखनऊ)

सीताराम तिवारी स्मृति लोक संस्कृति अनुरागी सम्मान – राजनारायन वर्मा (लखनऊ)

किशन गुप्ता स्मृति संगीत सेवा सम्मान – किशन शाह (लखनऊ)

प्रो. कमला श्रीवास्तव लोक संगीत ध्वजवाहक सम्मान – मीतू मिश्रा (लखनऊ)

पद्मश्री डॉ. विद्याविन्दु सिंह लोक संस्कृति ध्वजवाहक सम्मान – जीतेश श्रीवास्तव (लखनऊ)