Thursday , September 19 2024

संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ व भव्य आरती संग लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव का आगाज

 

– संगीतमय सुन्दरकाण्ड के पाठ के साथ प्रभु श्रीराम की महिमा का हुआ गुणगान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ‘प्रबिसि नगर कीजे सब काजा। हृदयँ राखि कोसलपुर राजा॥ गरल सुधा रिपु करहिं मिताई। गोपद सिंधु अनल सितलाई॥’ सुंदरकांड की इन चौपाईयों के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की महिमा के गुणगान के साथ वीरवर श्रेषावतार लक्ष्मण जी को समर्पित 17 दिवसीय लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव का बुधवार को आगाज हो गया।

प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट और प्रगति इवेंट के संयुक्त तत्वावधान में शहीद पथ स्थित अवध शिल्प ग्राम, अवध विहार योजना में शुरू हुआ लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव, लखनऊ का ही नही, वरन पूरे अवध प्रान्त का महोत्सव है। यह आत्म निर्भर हो रहे लोगों को प्रोत्साहित करने का और अवध क्षे़त्र की परम्परा को संरक्षित-सुरक्षित रखने का महोत्सव है। यह सब कुछ आज चन्दन की सौम्य सुरभि से परिपूर्ण पवित्र परिवेश में दृष्टिगोचर हुआ। 

प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि इस महोत्सव में अवध क्षेत्र की कला- संस्कृति के विभिन्न रंग देखने को मिलेंगे। उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से आत्मनिर्भर हो रहे अवध प्रांत के लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए हस्तशिल्प संग लघु कुटीर उद्योगों के स्टाल लगाये गये हैं। अपराह्न स्वामी प्रदुम्न प्रियाचार्य श्री अयोध्याधाम के निर्देशन में 11 आचार्यों ने सुन्दरकाण्ड का सस्वर संगीतमय पाठ किया और भगवान श्रीराम और हनुमान जी की विधिवत पूजा अर्चना के साथ आरती हुई।

अवध महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ गणेश वंदना से हुआ। विघ्न विनाशक भगवान गणेश जी के चरणों में समर्पित इस प्रस्तुति के उपरान्त अनाएजा, आरोही, आशी, अयान्शी, अनुष्का, इशिता, प्रिया, ओजस्वी, अविका, आराध्या, मिहिका और उपन्या ने “अवध में राम आए हैं…” पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर भगवान श्रीराम की महिमा से कला सुधी दर्शकों को मंत्र मुग्ध कराते हुए अवगत कराया।

कार्यक्रम के आकर्षक का केन्द्र बिन्दु अवधी लोक नृत्य रहा। अनु कपिल, मोहिनी राजपूत, शकुन्तला मिश्रा, आशिरिया श्रीवास्तव, स्नेहा यादव, सुरभि श्रीवास्तव और रजनी यादव ने मंजूलता श्रीवास्तव के नृत्य निर्देशन में तनि पिया मनवा मा पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीता। इसके अलावा सांची श्रीवास्तव, शुभी, आराध्या, दिव्या और यशस्वी ने भी अवधी लोक नृत्य की मनोरम छटा बिखेरी। इस अवसर पर प्रिया पाल सिह, पवन पाल, शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के अलावा तमाम दर्शक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अरविन्द सक्सेना ने किया।