Tuesday , September 17 2024

पदयात्रा संग राष्ट्रीय व्यापारी दिवस स्थापना पखवाड़ा का आगाज

 लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 3 सितंबर राष्ट्रीय व्यापारी दिवस स्थापना पखवाड़ा का शुभारंभ शुक्रवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने आलमबाग परिक्षेत्र में चंद्र नगर से पदयात्रा प्रारंभ कर किया। संदीप बंसल ने कहाकि राष्ट्रीय व्यापारी दिवस 3 सितंबर को आयोजित करके इसको मान्यता प्राप्त करना संगठन का लक्ष्य है और एक सामान्य व्यापारी को भी IAS और फौजी जैसा सम्मान समाज में मिले यह उसका उद्देश्य है। व्यापारियों के साथ संदीप बंसल ने पदयात्रा करते हुए व्यापारी जोड़ो सदस्यता अभियान चलाया। उन्होंने स्वयं कई व्यापारियों को संगठन का सदस्य बनाया।

संदीप बंसल ने कहाकि संगठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना का विशेष आभार व्यक्त करता है कि उन्होंने 29 जून भामाशाह जी की जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में कैबिनेट से पास कराकर घोषित कर दिया है। अगले वर्ष से उत्तर प्रदेश में सरकारी तौर पर इसको आयोजित किया जाएगा और व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता सुरेश छाबलानी ने बताया कि 3 सितंबर राष्ट्रीय व्यापारी दिवस देश के कई राज्यों और उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सभी जनपदों में 30 महानुभावों को व्यापारी भूषण से सम्मानित किया जाएगा।

पदयात्रा चंद्र नगर से नटखेड़ा रोड आलमबाग, अवध चौराहा होते हुए तालकटोरा रोड पर संपन्न हुई। इस दौरान व्यापारियों ने पदयात्रा में शामिल पदाधिकारियों का गर्म जोशी से अंग वस्त्र माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता सुरेश छबलानी, युवा प्रदेश महामंत्री आकाश गौतम, महामंत्री एवं आलमबाग परिक्षेत्र प्रभारी हरीश मलानी, युवा नगर अध्यक्ष अश्वन वर्मा, महामंत्री शुभम मौर्य, वेद रतन श्रीवास्तव, महिला महामंत्री बीनू मिश्रा, पतंजलि यादव, सुनीत साहू, आरके मिश्रा, युवा जिलाध्यक्ष ललित सक्सेना, पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से लखनऊ के महामंत्री दीपेश गुप्ता, राजीव कक्कड़ लखनऊ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुज गौतम, पदम जेन, राजू साहू, रमेश शुक्ला, मधुबन नगर अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, महामंत्री पिंटू वर्मा, मनोज कुमार, फुरकान कुरेशी, पतंजलि सिंह सहित काफी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।