Saturday , July 27 2024

राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का कॉन्क्लेव 2 जून को

लखनऊ। गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय 2 जून को लखनऊ में आरआरयू कॉन्क्लेव नामक एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डा. आनंद कुमार त्रिपाठी, पीआबी के एडीजी विजय कुमार, निदेशक मनोज कुमार वर्मा, कैंपस डायरेक्टर नीरज कुमार और आउटरीच ऑफिसर कुमार सव्यसाची विश्वविद्यालय के विजन और मिशन पर चर्चा करने के लिए मीडिया प्रतिनिधियों के साथ जुड़ेंगे। मीडिया कर्मियों को TREE अवधारणा, यानी शिक्षण, शोध, शिक्षा और विश्वविद्यालय के विस्तार के बारे में भी बताया जायेगा। विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रशिक्षुओं की संख्या, विभिन्न अनुसंधान परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे, सुविधाओं, छात्रों, संकाय सदस्यों, प्रबंधन आदि के बारे में भी मीडियाकर्मियों को जानकारी दी जाएगी।

विश्वविद्यालय, भारत में खुले अपने दूसरे परिसरों एवं आने वाले समय में देश और देश के बहार खुलने वाले दूसरे परिसरों के बारे में भी जानकारी देगा। मीडिया कर्मियों से बात के दौरान विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि ये भी बताएंगे कि यह विश्वविद्यालय कैसे दूसरे अन्य विश्वविद्यालयों से अलग है। इस विश्वविद्यालय का जनादेश भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करना है।विश्वविद्यालय विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों को प्रशिक्षित करने का काम करता है, जो देश की सुरक्षा को बनाए रखने के प्रभारी हैं। ताकि वे अपने विशेष क्षेत्रों में अधिक कुशल और जानकार बन सकें। विश्वविद्यालय आईटी, फोरेंसिक, अपराध विज्ञान, भाषा, मानव संसाधन प्रबंधन, मानव शरीर विज्ञान, ड्रोन पायलट, खेल और शारीरिक शिक्षा आदि के क्षेत्र में इस तरह का प्रशिक्षण प्रदान करता है। विश्वविद्यालय भारत के एक मॉडल सुरक्षा शैक्षिक विश्वविद्यालय के रूप में विकसित हो रहा है। विश्वविद्यालय का कार्य अपने योग्य छात्रों और नागरिकों, विभिन्न राज्यों के पुलिस संकायों, विभिन्न सुरक्षा संस्थानों, आदि को उचित शिक्षा एवं प्रशिक्षणों प्रदान करना है ताकि देश की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा को सुदृह की जा सके।