लखनऊ। के.पी.सिंह मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष नमिता सिंह और जनवादी लेखक संघ के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव प्रो. नलिन रंजन सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार वर्ष 2022 का कुँवरपाल सिंह स्मृति सम्मान राजस्थान के लेखक डाॅ. जीवन सिंह को प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर डाॅ. जीवन सिंह कुँवरपाल सिंह स्मृति व्याख्यान भी देंगे।
डाॅ. जीवन सिंह लोक साहित्य के मर्मज्ञ विद्वान हैं और प्रतिष्ठित आलोचक हैं। ‘कविता की लोकप्रकृति’, ‘कविता और कवि कर्म’, ‘शब्द और संस्कृति’ और ‘कविता की अर्थवत्ता’ उनकी महत्वपूर्ण पुस्तकें हैं। ‘मुक्तिबोध : एक मनस्वी कवि’ पुस्तक मुक्तिबोध के कविता संसार पर आधारित है। ‘अलीबख्शी ख्यालों का लोकरंग’, ‘लोक में राम और जुरहरा की रामलीला’ ‘कौलानी की जंग’ उनकी लोकसाहित्य पर पुस्तकें हैं।
लोक साहित्य में रचे- बसे जीवन सिंह स्वयम् भी एक समर्थ कवि के रूप में जाने जाते हैं। ‘सूरज उगा आधी रात’ तथा ‘उत्तर दिए नदी ने’ उनके चर्चित कविता संग्रह हैं। उन्होंने अंग्रेजी से हिन्दी में अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकों के अनुवाद किये हैं। इसके अलावा कवि मानबहादुर सिंह की कविताओं, हिन्दी ग़ज़लों, राम कुमार कृषक, डी.एम. मिश्र तथा रणजीत की रचनाओं का संपादन-संचयन भी किया है। कुँवरपाल सिंह स्मृति सम्मान और व्याख्यान का यह कार्यक्रम 26 मार्च को कैफ़ी आज़मी सभागार, लखनऊ में अपराह्न 3.30 बजे संपन्न होगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal