Tuesday , November 3 2026

नशे से दूर रहें युवा, जागरूकता से बनेगा नशामुक्त समाज : कौशल किशोर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। देश के बच्चों और युवाओं को नशे की लत से बचाने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कुर्सी रोड स्थित बहादुरपुर में राष्ट्रव्यापी संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोगों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर उपस्थित रहे। उनके साथ राकेश रावत, सतीश और जय प्रकाश रावत सहित कई गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के आयोजक अतुल रावत, राजकुमारी रावत, राज रावत और दीपक रावत ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अवधेश कुमार, अभिषेक कुमार, देशराज, अजीत समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास और जनजागरूकता बेहद जरूरी है। इसके लिए परिवारों को भी नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने और अपने स्तर पर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।