Tuesday , November 3 2026

जीएसएमए के चेयरमैन पद पर गोपाल विट्टल को फिर मिली जिम्मेदारी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जीएसएमए के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने गोपाल विट्टल को आगामी 2027-2028 बोर्ड टर्म के लिए पुनः चेयर चुना है। उनका कार्यकाल दिसंबर 2028 तक रहेगा। श्री विट्टल पिछले 10 वर्षों से जीएसएमए बोर्ड के सदस्य हैं और 2025 से चेयर की भूमिका निभा रहे हैं। जीएसएमए के चेयर के रूप में वे संगठन की रणनीतिक दिशा का मार्गदर्शन करते हैं। यह संगठन वैश्विक मोबाइल ऑपरेटर्स और व्यापक मोबाइल इकोसिस्टम से जुड़ी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है। जीएसएमए के बोर्ड ने मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले को को-डिप्टी चेयर चुना है। वे राल्फ मुपिता के साथ यह जिम्मेदारी निभाएंगी, जिन्हें फिर से इस पद के लिए चुना गया है।

गोपाल विट्टल ने कहा, “जीएसएमए बोर्ड के चेयर के रूप में दूसरी बार फिर चुना जाना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारा उद्योग एक नए युग में प्रवेश कर रहा है, जहां उन्नत नेटवर्क, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ओपन डिजिटल प्लेटफॉर्म महत्वपूर्ण आर्थिक और सामाजिक मूल्य का सृजन कर सकते हैं। हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता सिक्योरिटी है। आज बढ़ते खतरों को देखते हुए देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, स्कैम और धोखाधड़ी के बढ़ते खतरों से ग्राहकों की रक्षा करना तथा इंडस्ट्री को सस्टेनेबल बनाकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकताएं हैं। इससे इंडस्ट्री टेक्नोलॉजी में भविष्य को ध्यान में रखकर निवेश जारी रख सकेगी और दुनिया के सभी हिस्सों में बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर सकेगी। मैं जीएसएमए टीम और अपने साथी बोर्ड मेंबर्स के साथ इस महत्वपूर्ण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं। साथ ही, को-डिप्टी चेयर राल्फ मुपिता और मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले के साथ काम करने को लेकर भी उत्साहित हूं। उनका अनुभव, भौगोलिक दायरे की व्यापकता और विशेषज्ञ समझ इस एजेंडे को आगे बढ़ाने में हमारी बड़ी ताकत साबित होगी।”