Tuesday , November 3 2026

SCIENCE CITY : मंच पर उतरा विज्ञान का रोमांच, विद्यार्थियों ने नाटकों से दिया जागरूकता का संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आंचलिक विज्ञान नगरी में मंगलवार को आयोजित नगर स्तरीय विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में डॉ. अनिल रस्तोगी (पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक, सीएसआईआर-सीडीआरआई एवं प्रतिष्ठित कलाकार) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जागरूक रहने और विद्यालयों में थिएटर विकसित करने की प्रेरणा दी। केंद्र प्रमुख शतदल घोष ने भी लोगों को संबोधित करते हुए साइंस ड्रामा (विज्ञान नाटक) और विज्ञान के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।

इस नगर स्तरीय नाट्य प्रतियोगिता में लखनऊ के विभिन्न स्कूलों की 13 टीमों ने अपने-अपने अंदाज में विज्ञान आधारित नाटकों का मंचन किया। प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल, एलबीएस मार्ग ने “उधार का समंदर”, अवध कॉलेजिएट, दरोगा खेड़ा ने “ओशन इन डिस्ट्रेस : ए कॉल फॉर रेस्टोरेशन”, अवध कॉलेजिएट, मोहन रोड ने “ग्लिच इन द ग्रूव”, अवध कॉलेजिएट, पारा कैंपस ने “वेव्स ऑफ चेंज”, अवध कॉलेजिएट, रामगढ़ (कानपुर रोड), बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल (पलटन छावनी) एवं बाल निकुंज इंटर कॉलेज (मोहिबुल्लापुर) ने “रेस्टोरिंग ओशंस-प्रिजर्विंग जेनरेशंस”, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (महानगर) ने “थिंक फर्स्ट एआई”, सीएमएस, इंदिरा नगर-1 ने “द लास्ट लेसन”, सीएमएस, राजेंद्र नगर-2 ने “द ह्यूमन कोड : बियॉन्ड एआई”, सेंट जोसेफ कॉलेज, सीतापुर रोड ने “वीआईपी पूजा : स्वाहा समंदर”, अवध एजुकेशनल अकादमी इंटर कॉलेज, मड़ियांव ने “रेस्टोरिंग ओशंस : प्रिजर्विंग जेनरेशंस” तथा दून वैली हाई स्कूल, इंदिरा नगर ने “एआई की दुनिया” नाटक का मंचन किया।

प्रथम पुरस्कार दून वैली हाई स्कूल, इंदिरा नगर को उनके नाटक “एआई की दुनिया” के लिए दिया गया। द्वितीय पुरस्कार आर्मी पब्लिक स्कूल, एलबीएस मार्ग को उनके नाटक “उधार का समंदर” के लिए तथा तृतीय पुरस्कार सेंट जोसेफ कॉलेज, सीतापुर रोड को उनके नाटक “वीआईपी पूजा : स्वाहा समंदर” के लिए प्रदान किया गया।

प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार विजेता टीमों को राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली में 30 नवंबर और 1 दिसंबर, 2026 को आयोजित होने वाली उत्तरी भारत विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा विजयी प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 463 विद्यार्थियों तथा शिक्षकों ने इन नाटकों का मंचन देखा और उनकी सराहना की।