Saturday , October 31 2026

सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करें छात्राएं : प्रो. शिवानी श्रीवास्तव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति द्वारा किया गया तथा अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित महाविद्यालय परिवार ने भी लौह पुरुष को नमन करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान का स्मरण किया।

प्रो. डॉ. रीता अग्निहोत्री ने स्वतंत्रता संग्राम में सरदार वल्लभभाई पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका, स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात देशी रियासतों के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति उनके अटूट समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके आदर्श वर्तमान समय में भी युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम प्रभारी डॉ. निशि मिश्रा एवं डॉ. विशाल वर्मा ने उपस्थित छात्राओं को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर छात्राओं को अपने दैनिक जीवन में नैतिक मूल्यों का पालन करने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया गया।

प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने कहा कि भारत की विविधता में एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है तथा इस एकता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के जीवन से हमें दृढ़ संकल्प, अनुशासन, सत्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे इन आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए एक जागरूक, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक के रूप में राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्राओं सहित संपूर्ण महाविद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।