Thursday , October 29 2026

गराचरमा अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर शुरू, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार

श्री विजयपुरम (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उपराज्यपाल डॉक्टर दिनेश शर्मा ने अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह के श्री विजयपुरम स्थित जिला अस्पताल, गराचरमा में नवनिर्मित अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 8 वेंटिलेटर और 3 पोर्टेबल हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों का औपचारिक हस्तांतरण भी किया। ये उपकरण दूरस्थ क्षेत्रों में नैदानिक और गहन चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करेंगे।

उद्घाटन के पश्चात उन्होंने परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट ब्लॉक के विस्तार कार्यों का निरीक्षण किया तथा कार्य को गुणवत्ता के साथ त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। नवनिर्मित ऑपरेशन थिएटर के शुरू होने से दक्षिण अंडमान जिले के लोगों के लिए शल्य चिकित्सा एवं प्रसूति सेवाएं और अधिक सशक्त एवं सुलभ होंगी, जिससे उच्चतर केंद्रों में अनावश्यक रेफरल में कमी आएगी।

उपराज्यपाल ने उपस्थित डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर आयुक्त-सह-सचिव (स्वास्थ्य), सचिव (स्वास्थ्य), उपायुक्त दक्षिण अंडमान, पुलिस अधीक्षक, दक्षिण अंडमान एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।