Friday , October 30 2026

SSB : 20वीं अंतर-सीमांत लॉन टेनिस प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सशस्त्र सीमा बल की ओर से आयोजित 20वीं अंतर-सीमांत लॉन टेनिस प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को सीमान्त मुख्यालय, लखनऊ में भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बल मुख्यालय, नई दिल्ली के महानिरीक्षक संजीव शर्मा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में सशस्त्र सीमा बल के विभिन्न सीमांत मुख्यालयों से आए खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान टीम चैंपियनशिप, ओपन सिंगल्स और ओपन डबल्स सहित विभिन्न श्रेणियों में रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, तकनीकी दक्षता और अनुशासन का परिचय देते हुए पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए महानिरीक्षक संजीव शर्मा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल बल कार्मिकों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ ही उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी समन्वय विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से कार्मिकों में टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी मजबूत होती है।

उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बल कार्मिकों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ विभिन्न सीमांत मुख्यालयों के बीच आपसी सौहार्द, एकता और संगठनात्मक समन्वय को सुदृढ़ करते हैं।

समारोह का समापन उत्साह और उमंग के माहौल में हुआ। प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही एक-दूसरे के साथ अनुभव साझा करने और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।