लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सेक्टर-एच जानकीपुरम में स्थित सद्भावना पार्क में मंगलवार को युवा समिति की ओर से दशहरा मेला और रावण दहन धूमधाम से मनाया गया। 25 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। आकर्षक एलईडी लाइटों से सजे पुतले को देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। आतिश बाजी के रंगारंग कार्यक्रम संग रावण दहन के दौरान पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।

रावण दहन के बाद मौके पर एक अलग ही नजारा देखने को मिला। पुतला जलने के बाद कुछ लोग उसकी राख और बचे हुए अवशेष लेने के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों के अनुसार, मान्यता है कि रावण के पुतले की राख या अवशेष घर में रखने से नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव नहीं पड़ता।
मेले में भीड़ को देखते हुए गुडंबा पुलिस और प्रशासन की टीम सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही। गुडंबा थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम के आयोजन में जानकीपुरम युवा समिति के अध्यक्ष दिनेश सिंह, संरक्षक राजेश प्रसाद, वसी हैदर, धर्मेंद्र, सागर स्वीट, संजय, विवेक, राजीव, रजनीश, सिद्धार्थ और अनिल सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal