Wednesday , October 21 2026

महर्षि यूनिवर्सिटी : दीक्षांत समारोह में रोबोटिक्स, योग और वैदिक विज्ञान के प्रोजेक्ट होंगे आकर्षण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में 22 अक्टूबर को आयोजित होने वाला सातवां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ उनके नवाचार, शोध और रचनात्मक प्रतिभा का भी साक्षी बनेगा। कार्यक्रम में जहां 2279 विद्यार्थियों को डिग्री और डिप्लोमा प्रदान किए जाएंगे, वहीं विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले मिनी एक्सपो में तकनीक, सामाजिक सरोकारों, वैदिक विज्ञान और रचनात्मकता से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए जाएंगे।

समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जबकि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलाचरण के साथ होगा।

दीक्षांत समारोह का एक प्रमुख आकर्षण मिनी एक्सपो होगा, जिसमें विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और व्यावहारिक ज्ञान प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। एक्सपो में ऐसे नवाचारी प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य विभिन्न सामाजिक समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करना है। इसके साथ ही सॉकर रोबो बोट जैसे तकनीकी मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे, जो विद्यार्थियों की तकनीकी समझ और प्रयोगात्मक क्षमता को सामने लाएंगे।

मिनी एक्सपो में वैदिक विज्ञान से जुड़े नवाचारी प्रोजेक्ट भी देखने को मिलेंगे। इसके अलावा महर्षि महेश योगी के जीवन, विचारों और योगदान से संबंधित शोध कार्यों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से आधुनिक तकनीक, पारंपरिक ज्ञान और शोध के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

समारोह में योग का व्यावहारिक पक्ष भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। विद्यार्थियों और आगंतुकों के लिए लाइव योग डेमो क्लास आयोजित की जाएगी। वहीं, एनिमेशन के विद्यार्थियों की ओर से तैयार किया गया ‘एनिम वर्स’ भी प्रदर्शित किया जाएगा, जो विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, डिजिटल क्रिएटिविटी और एनीमेशन कौशल को सामने लाएगा।

दीक्षांत समारोह में कुल 20 शोधार्थियों को पीएचडी, 324 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर और 1612 विद्यार्थियों को स्नातक की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा 323 विद्यार्थियों को डिप्लोमा प्रदान किए जाएंगे। इस तरह कुल 2279 विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ जीवन के नए पड़ाव की ओर कदम बढ़ाएंगे।

विश्वविद्यालय का यह आयोजन डिग्री वितरण के साथ विद्यार्थियों के नवाचार, अनुसंधान, तकनीकी कौशल और भारतीय ज्ञान परंपरा को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर होगा। मिनी एक्सपो के माध्यम से यह भी प्रदर्शित किया जाएगा कि उच्च शिक्षा में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव और रचनात्मक सोच की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।