मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कौन बनेगा करोड़पति सीज़न 18 में एक फिल्मी डायलॉग सुनाने की फरमाइश मेगास्टार अमिताभ बच्चन और प्रतियोगी मंजुषा शिरसाठ के बीच एक बेहद मज़ेदार बातचीत में बदल गई। मंजुषा ने जब अमिताभ बच्चन से उनका एक मशहूर डायलॉग सुनाने का अनुरोध किया, तो यह सिलसिला जल्द ही ‘कच्चा पापड़, पक्का पापड़’ जैसे टंग ट्विस्टर से जुड़ी एक दिलचस्प चुनौती में बदल गया, जिसने सभी को हंसी से लोटपोट कर दिया।
जब मंजुषा ने अमिताभ बच्चन से उनका कोई फिल्मी डायलॉग बोलने का अनुरोध किया, तो उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में जवाब दिया, “मैं आपका इम्तिहान लेने आया हूँ यहाँ पर, आप हमारा इम्तिहान नहीं ले सकती।” अपना उत्साह साझा करते हुए, मंजुषा ने कहा, “सर, आपने इतनी सारी फिल्मों की हैं। सर, मैंने कुछ काम नहीं किया है, लेकिन यह सीन करके ना, स्टार बनने वाली हूँ अभी।”
मंजुषा की मदद से अमिताभ बच्चन ने फिर यह डायलॉग बोलने की कोशिश की, ‘जिंदगी समझ बने, साजन न होने पाए, साजे दिल जब भी बजे, आवाज न होने पाए।’ हालांकि, जब वह इसे सही तरीके से पूरा नहीं कर पाए, तो मंजुषा ने उन्हें एक और चुनौती दी और उनसे कहा कि वह ‘कच्चा पापड़, पक्का पापड़’ उसी फ्लो में बोलकर दिखाएं, जिस अंदाज़ में उन्होंने इसे फिल्म में कहा था।
अपनी पहले की गई फरमाइश के पीछे की वजह समझते हुए अमिताभ बच्चन ने अपने खास मज़ाकिया अंदाज़ में जवाब दिया, “अच्छा अभी समझ में आया हमको, के आप हम को इल्जाम लगा रही थी कि हम ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं, है ना। तो हम ने कहा आप भी ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं। अब बोलिए आप कच्चा पापड़ पक्का पापड़।”
इसके बाद अमिताभ बच्चन ने बाज़ी पलटते हुए मंजुषा से ‘कच्चा पापड़, पक्का पापड़’ बोलने के लिए कहा। जैसे ही मंजुषा इस टंग ट्विस्टर को बोलते हुए अटक गईं, वहां मौजूद सभी लोग हंसी से लोटपोट हो गए और यह शो का एक यादगार पल बन गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal