नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियां बटोर रही है। अब इस फिल्म से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, टी-सीरीज़ ने फिल्म के दोनों भागों के म्यूजिक राइट्स अपने नाम कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि यह सौदा 75 करोड़ रुपये की एडवांस डील के तहत हुआ है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक यह राशि रिफंडेबल एडवांस के रूप में तय की गई है, जो इस समझौते को और खास बनाती है।रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘रामायण’ के म्यूजिक राइट्स हासिल करने की दौड़ में कई बड़ी म्यूजिक कंपनियां शामिल थीं, लेकिन आखिरकार टी-सीरीज़ ने बाजी मार ली। कंपनी से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि भूषण कुमार और टी-सीरीज़ की वरिष्ठ टीम को फिल्म के संगीत की अपार संभावनाओं पर पूरा भरोसा है। यह 75 करोड़ रुपये की एडवांस राशि फिल्म के दोनों भागों के संगीत अधिकारों के लिए दी गई है। भारतीय संगीत उद्योग में इसे सबसे बड़े म्यूजिक राइट्स सौदों में से एक माना जा रहा है।निर्माताओं को फिल्म के संगीत से भी बड़ी उम्मीदें हैं, क्योंकि इसमें पहली बार ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान और हैंस ज़िमर साथ काम कर रहे हैं। नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। दो भागों में बनाई जा रही इस फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal