लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश में वैवाहिक उद्योग को संगठित स्वरूप देने और प्रदेश को डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में बुधवार को वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में “यूपी लेवल डायलॉग एंड एक्सपेंशन मीटिंग” का आयोजन किया गया। इस दौरान एसोसिएशन के लखनऊ चैप्टर की औपचारिक घोषणा करते हुए राज पचौली को अध्यक्ष और रोहित यज्ञ को सचिव नियुक्त किया गया।
बैठक में लखनऊ सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में वेडिंग एवं इवेंट प्लानर्स, डेकोरेटर्स, कैटर्स, होटल एवं बैंक्वेट हॉल संचालकों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने प्रदेश को देश का प्रमुख वैवाहिक आयोजन केंद्र बनाने के उद्देश्य से “शादियों के लिए उत्तम प्रदेश-उत्तर प्रदेश” का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष कुमार अग्रवाल ने लखनऊ चैप्टर की घोषणा करते हुए कहा कि राजधानी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, तहजीब और मेहमाननवाजी इसे देश के सबसे बड़े वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वेडिंग टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें संगठित प्रयासों के माध्यम से नई पहचान दी जा सकती है।
बैठक के दौरान तीन अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। इनमें उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर का वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने, कॉरपोरेट इवेंट्स की संभावनाओं को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक संस्कारों के संतुलन के साथ उद्योग के विस्तार जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष मनीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में 7,000 से ज्यादा सदस्यों के साथ कार्य कर रहा है और वैवाहिक उद्योग से जुड़े कारोबारियों की समस्याओं एवं सुझावों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव संदीप उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल, आईआईए के अध्यक्ष वैभव अग्रवाल, होटल एवियान के महाप्रबंधक आकाश राठौर तथा होटल प्रमोटर डॉ. अजय गौरव शर्मा सहित उद्योग से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महासचिव संदीप उपाध्याय ने किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal