Sunday , July 26 2026

लखनऊ उत्तर : ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण, राष्ट्र सेवा का लिया संकल्प

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के डालीगंज-निराला नगर वार्ड स्थित जे.सी. गेस्ट हाउस में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्षा ऋतु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ‘कैच द रेन’ अभियान और ‘अमृत सरोवरों’ के संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाओं और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने वाले जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की सराहना की।

आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों का समर्थन करने तथा ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही युवाओं की खेल, अंतरिक्ष अनुसंधान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान से जुड़ने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथि प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल ने कहा कि ‘मन की बात’ राष्ट्र निर्माण का एक प्रभावी माध्यम है, जो समाज में सकारात्मक सोच और राष्ट्र सेवा की भावना को सशक्त करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद जनसामान्य को देशहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।

इस अवसर पर लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं एवं विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी दोहराया।

कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री संजय राय, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, एमएलसी अवनीश पटेल, एमएलसी उमेश द्विवेदी, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, भूमि विकास बैंक के सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर, महानगर महामंत्री घनश्याम अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष रमन निगम, स्थानीय पार्षद अभिलाषा कटियार, पार्षद प्रतिनिधि सुदर्शन कटियार, बूथ संख्या-200 की अध्यक्ष सरिता शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण कर प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।