लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नहर रोड पर गहरी सीवर लाइन बिछाने के लिए चल रहे निर्माण कार्य के कारण आमजन और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यदायी संस्था जेएसपी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सड़क की गहरी खुदाई किए जाने से मार्ग पूरी तरह बंद है, जिससे प्रतिदिन इस रास्ते से गुजरने वाले हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क बंद होने का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ा है, जिससे व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार सड़क बंद होने से एम्बुलेंस, स्कूल वाहन, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है। कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी रहती है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क बंद होने से ग्राहकों की आवाजाही में भारी कमी आई है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य जारी रहने के दौरान तत्काल वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए, ताकि आम जनता और व्यापारियों को राहत मिल सके।

जन उदघोष व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री विनोद सिंह ने बताया कि इस संबंध में अभी तक किसी प्रशासनिक अधिकारी से कोई वार्ता नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बुधवार को क्षेत्र के व्यापारी स्थानीय विधायक डॉ. नीरज बोरा से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराएंगे और निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने सहित आमजन को हो रही परेशानियों के शीघ्र समाधान की मांग करेंगे।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्र में जनजीवन और व्यापार दोनों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव लगातार बढ़ता जाएगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal