पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह ने दही-जलेबी खिलाकर किया नितिन नबीन का पारंपरिक स्वागत

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने लखनऊ प्रवास के दूसरे दिन रविवार को पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. विद्या विंदु सिंह के आवास पर शहर के कलाकारों, साहित्यकारों, संस्कृति कर्मियों एवं बुद्धिजीवियों से आत्मीय भेंट एवं संवाद किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह तथा भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह, लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी, संगीत नाटक अकादमी सम्मान से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार आत्म प्रकाश मिश्र, साहित्यकार एवं संस्कृति कर्मी भारती सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक विजय कुमार, नृत्यांगना एवं उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की पूर्व अध्यक्ष प्रो. पूर्णिमा पांडेय, लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डॉ. ए.एन. सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का पारंपरिक रूप से स्वागत करते हुए उन्हें लखनऊ की प्रसिद्ध दही-जलेबी खिलाई। 

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उपस्थित प्रबुद्धजनों को केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रकाशित “सुशासन, विकास और विश्वास” विषयक पत्रक भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, लोककलाएं, साहित्य, संगीत और परंपराएं हमारी राष्ट्रीय चेतना की आधारशिला हैं। सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ कलाकारों, साहित्यकारों और संस्कृति कर्मियों को सम्मान एवं अवसर देने की दिशा में निरंतर कार्य किया है।

संवाद के दौरान उपस्थित प्रबुद्धजनों ने समाज, साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपने विचार साझा किए। उन्होंने सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से जोड़ने के लिए सकारात्मक सहभागिता और निरंतर संवाद की आवश्यकता पर बल दिया।