राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत में भगवामय हुआ लखनऊ, 42 स्थानों पर हुआ भव्य अभिनंदन
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रथम आगमन पर शनिवार को लक्ष्मण नगरी उत्साह, उमंग और संगठनात्मक शक्ति के प्रदर्शन का साक्षी बनी। एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक निकली अभिनंदन यात्रा के दौरान 42 स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण, जयघोष तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधायक डा. नीरज बोरा, कैबिनेट मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और विधायकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा अंगवस्त्र पहनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।

अभिनंदन यात्रा स्टेट हैंगर से शुरू होकर कानपुर रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, कृष्णानगर, आलमबाग, चारबाग, हजरतगंज और लोकभवन होते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंची। यात्रा मार्ग पर 20 से अधिक भव्य स्वागत द्वार बनाए गए थे, जिन्हें भाजपा के झंडों, पुष्प सज्जा और स्वागत संदेशों से सजाया गया था। पूरे मार्ग पर लखनऊ भगवामय दिखाई दिया और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

पूरे मार्ग में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रथ से कार्यकर्ताओं और नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से वातावरण लगातार गूंजता रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।

लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने उनका विशेष एवं आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. नीरज बोरा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पारंपरिक अंदाज में भेलपुरी खिलाकर अभिनंदन किया। यह अनोखा स्वागत कार्यक्रम कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।

स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। डॉ. नीरज बोरा द्वारा आत्मीयता से कराया गया यह स्वागत पूरे कार्यक्रम की खास पहचान बन गया और उपस्थित लोगों ने इसे उत्साहपूर्वक सराहा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में गौतम समाज, कायस्थ समाज, पाल समाज, राजभर समाज, पर्वतीय समाज, लोधी समाज, यादव समाज, ब्राह्मण समाज, मराठी समाज, वैश्य समाज, ईसाई समाज, सिंधी समाज, साहू समाज, व्यापारी समाज, अधिवक्ता समाज, सिख एवं पंजाबी समाज, बंगाली समाज, क्षत्रिय समाज, सोनकर समाज, भोजपुरी समाज, पटेल-मौर्य-कुशवाहा समाज, वाल्मीकि समाज, पासी समाज और निषाद समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अपनी-अपनी परंपराओं के अनुरूप स्वागत किया।

कई संगठनों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने समाज के प्रतीक चिह्न भी भेंट किए। मराठी, वैश्य और अन्य सामाजिक संगठनों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ लोक कलाकारों ने भी लोक नृत्यों का प्रदर्शन कर यात्रा को आकर्षक बना दिया।

लोकभवन के बाहर भाजपा ओबीसी मोर्चा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अनूठे अंदाज में स्वागत किया। क्रेन की सहायता से लगभग 40 फीट ऊंची फूलों की विशाल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। इस भव्य दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
भाजपा के युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, किसान मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी स्वागत कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल हुए। कई स्थानों पर बुलडोजरों पर खड़े कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया, जिसने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।

स्वागत कार्यक्रम के संयोजक भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह और भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी पूरे समय रथ के आगे चलकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए यात्रा को अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
अनुशासन, उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हुई यह अभिनंदन यात्रा राजधानी लखनऊ में भाजपा की संगठनात्मक शक्ति, कार्यकर्ताओं के जोश और जनसमर्थन का प्रभावी प्रदर्शन बनकर सामने आई।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal