AKTU : गोद लिये गांवों के विद्यार्थियों की प्रतिभा का सम्मान, राज्यपाल करेंगी पुरस्कृत


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में दीक्षोत्सव कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को गोद लिये गावों के विद्यालयों के बच्चों के बीच पेंटिंग, कहानी लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन तीनों प्रतियोगिता के विजेता छात्र को दीक्षांत समारोह में सात जुलाई को माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी मंच से पुरस्कृत करेंगी।  

विश्वविद्यालय में हुई प्रतियोगिता के दौरान कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय की पत्नी सरोज पाण्डेय ने छात्रों का उत्साह बढ़ाया। बच्चों की बनाई पेंटिंग की तारीफ की तो कहानी लेखन को सराहा। बच्चों ने अपने गंभीर भाषण से सभी का दिल जीत लिया। 

विश्वविद्यालय के गोद लिये अलग-अलग विकासखंडों के पश्चिम गांव, पलहरी, दिगाई, सैरपुर, कोडरी भौली, ढेलवासी प्राथमिक विद्यालय एवं कुम्हरावां इंटर कॉलेज के कक्षा तीन से पांच, छह से आठ एवं नौ से 12 के ग्रुप में विभाजित छात्रों ने प्रतिभाग किया। इसमें जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं मेरी मां विषय पर छात्रों के बीच प्रतियोगिताएं करायी गयी। बच्चों ने बड़े ही उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा को कागजों में उतारा। 

प्रथम राउंड की प्रतियोगिता में स्कूल स्तर पर प्रथम और द्वितीय आने वाले छात्र विश्वविद्यालय में होने वाली फाइनल राउंड की इंटर स्कूल प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इसमें विजेता छात्रों को दीक्षांत समारोह के दिन मंच से राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सम्मानित करेंगी। साथ ही बच्चों की बनाई पेंटिंग समारोह के दौरान प्रदर्शित की जाएगी।

इसके अलावा भाषण और कहानी कथन को बच्चे अपनी हैंडराइटिंग में लिखेंगे जिसकी किताब बनायी जाएगी। कार्यक्रम में सभी बच्चों को प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर प्रो0 वंदना सहगल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो0 ओपी सिंह, सह अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ0 मनोज कुमार, उपकुलसचिव डॉ0 आयुष श्रीवास्तव, सहा0 कुलसचिव, सुनील पांडेय मौजूद रहे।