अटल पेंशन योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंक व बैंक मित्र सम्मानित

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (उप्र) एवं पी.एफ.आर.डी.ए., नई दिल्ली के तत्वाधान मे शुक्रवार को “अटल पेंशन योजना” के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 मे श्रेष्ठ कार्य करने वाले बैंकों, अग्रणी जिला प्रबन्धकों, शाखा प्रबन्धकों एवं बैंक मित्रों को सम्मानित करने हेतु आउटरिच कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

उक्त कार्यक्रम में प्रवेश कुमार (मुख्य महाप्रबंधक, पी.एफ.आर.डी.ए), अनुराधा साहू (उप महाप्रबंधक, भारतीय रिजर्व बैंक, लखनऊ), सुधा शुक्ला (संयुक्त मिशन निदेशक, यूपीएसआरएलएम), संजय सिंह (सहायक निदेशक, संस्थागत वित्, ऋचा बाजपेई (उप महाप्रबंधक, नाबार्ड, लखनऊ), निधि कुमार (उप महाप्रबंधक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, उप्र), रूबी विनायक भावसागर (सहायक महाप्रबंधक, पी.एफ.आर.डी., निशांत आनंद (प्रबन्धक पी.एफ.आर.डी.ए), सहित विभिन्न बैंकों के राज्य प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

अपने स्वागत सम्बोधन के दौरान निधि कुमार ने बताया कि अटल पेंशन योजना ग्रामीण क्षेत्र के लोंगों एवं कामगारों के लिए उनके 60 वर्ष की आयु पूरा करने के उपरांत जीवन-यापन के लिए अत्यंत लाभकारी योजना है। इस योजना में प्रदेश में कार्यरत बैंकों द्वारा बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जाता है। जिसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश ने पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 19.71 लाख से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ा है। जो कि पूरे देश में सर्वाधिक है तथा प्रदेश के 60 जनपदों ने अपने आवंटित लक्ष्यों को प्राप्त किया है। साथ ही अभी तक प्रदेश में 1 करोड़ 47 लाख से अधिक लोगो को इस योजना से जोड़ा जा चुका है।

प्रवेश कुमार ने भी अपने सम्बोधन में उत्तर प्रदेश में योजना अंतर्गत बैंकों द्वारा किए गए कार्य की प्रशंसा की और कहा कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रचार-प्रसार करके योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाये। 

कार्यक्रम के दौरान बैंकों, अग्रणी जिला प्रबन्धकों, शाखा प्रबन्धकों तथा बैंक मित्रों के लिए ओपेन हाउस चर्चा का भी आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रतिभागियों द्वारा अपने अनुभवों को शेयर किया गया तथा योजना से संबन्धित प्रश्न किया, जिसका उत्तर प्रवेश कुमार ने दिया। कार्यक्रम के अंत में निधि कुमार ने इस कार्यक्रम में सहभागिता हेतु सभी आगंतुकों को धन्यवाद ज्ञापित किया।